सूरत में मंदिर में मृत पाई गई दो छात्राओं के मामले में अपडेट सामने आया है। पुलिस जांच के अनुसार दोनों छात्राओं ने एनेस्थिसिया (बेहोशी की दवाई) इंजेक्शन लगाकर अपनी जान ली थी।
गुजरात के सूरत में एक मंदिर में दो कॉलेज छात्राओं की लाश मिलने का मामला हाल ही में सामने आया था। यह घटना सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। मृतका छात्राएं बचपन की दोस्त थी और शनिवार को दोनों के शव मंदिर के बाथरूम से बरामद किए गए थे। शुरूआती जांच के अनुसार दोनों छात्राओं के आत्महत्या करके अपनी जान देने की बात कही जा रही थी। जांच आगे बढ़ने पर अब इस मामले में नए खुलासे सामने आए है। इसके अनुसार दोनों लड़कियों ने एनेस्थिसिया (बेहोशी की दवाई) इंजेक्शन लेकर अपनी जान ली थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार छात्राओं की उम्र 18 और 20 साल थी। 18 साल की मृतका अथवा के वाडिया वुमेंस कॉलेज में बीकॉम फर्स्ट ईयर की छात्रा थी, जबकि उसकी दोस्त उधना सिटीजन कॉलेज में सेकंड ईयर में पढती थी। दोनों शुक्रवार सुबह घर से कॉलेज जाने के लिए निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। काफी देर तक इंतजार करने पर भी जब दोनों का पता नहीं चला तो परिजनों को चिंता हुई। कॉलेज प्रशासन से संपर्क करने पर पता चला कि दोनों उस दिन क्लास में पहुंची ही नहीं थीं। इसके बाद परिवार ने दिंडोली पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई।
मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने छात्राओं की तलाशी शुरू की। जांच के दौरान छात्राओं के मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रैक की गई, जो कि इलाके में स्थित स्वामीनारायण मंदिर के पास पाई गई। मोबाइल लोकेशन पर पहुंचने पर पुलिस को एक छात्रा की स्कूटी मंदिर के बाहर खड़ी मिली। इसके बाद पुलिस ने मंदिर प्रशासन से संपर्क किया और सीसीटीवी फुटेज चेक किया गया। फुटेज में दोनों लड़कियां मंदिर के रेस्टरूम में जाती हुई दिखाई दीं। इसके बाद परिजन और मंदिर अधिकारियों की मौजूदगी में रेस्टरूम का बंद दरवाजा तोड़ा गया। अंदर दोनों युवतियां जमीन पर बेहोश हालत में पड़ी थीं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटनास्थल से पुलिस को चार एनेस्थेटिक दवा की शीशियां, एक इस्तेमाल की गई सिरिंज और तीन सुइयां मिली थी। इसके साथ ही पुलिस ने दोनों छात्राओं के मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों ने एनेस्थेटिक इंजेक्शन लगाकर सुसाइड किया है। जांच के दौरान पुलिस को उनके मोबाइल फोन में चैटजीपीटी पर "सुसाइड कैसे करें" जैसे सवालों की सर्च हिस्ट्री मिलने की बात सामने आई है। साथ ही एक ऐसी खबर भी मिली है जिसमें एक नर्स ने एनेस्थेसिया इंजेक्शन से सुसाइड किया था। पुलिस का मानना है कि दोनों ने किसी साझा कारण से यह कदम उठाया हो सकता है। फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
इस घटना पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर टेस्ला के सीईओ एलन मस्क की भी प्रतिक्रिया सामने आई। उन्होंने एक यूजर द्वारा शेयर की गई खबर पर संक्षिप्त प्रतिक्रिया देते हुए "याइक्स" (Yikes) लिखा। इस शब्द का इस्तेमाल आमतौर पर तब किया जाता है जब हमें किसी चीज को देखकर हैरानी हो या हम असहज महसूस करें।