
Kuldeep Sharma Demands Action Against Deepender Hooda: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष कुलदीप शर्मा ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को पत्र लिखकर कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) के स्थायी आमंत्रित सदस्य दीपेंद्र हुड्डा को पद से हटाने की मांग की है। दरअसल, शर्मा ने यह मांग हुड्डा द्वारा 1984 के सिख विरोधी दंगों के दोषी सज्जन कुमार को कथित तौर पर रोल मॉडल बताया और उनकी मौत को अपूरणीय क्षति करार दिए जाने वाले बयान को लेकर की है।
कुलदीप शर्मा के मुताबिक, दीपेंद्र हुड्डा के इस बयान से सिख समुदाय में नाराजगी पैदा हुई है और इसका सीधा असर कांग्रेस के राजनीतिक हितों पर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि उनके हरियाणा और पंजाब के कई सिख सहयोगियों ने फोन कर इस बयान पर अपना विरोध और असंतोष जताया है।
कांग्रेस नेता शर्मा ने मल्लिकार्जुन खरगे को लिखे पत्र में कहा कि हुड्डा के बयान से सिख समुदाय के बीच झटका और आक्रोश पैदा हुआ है। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन के बाद देशभर में सिख समुदाय के एक बड़े वर्ग ने कांग्रेस का समर्थन किया था, लेकिन इस तरह के बयान से पार्टी के प्रति उसके रुख पर दोबारा विचार करने की स्थिति बन सकती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल इस मुद्दे को राजनीतिक लाभ के लिए उठा रहे हैं। शर्मा ने कहा कि पंजाब में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले इस तरह का विवाद कांग्रेस के लिए नुकसानदेह साबित हो सकता है।
कुलदीप शर्मा ने अपने पत्र में कहा कि कांग्रेस पहले ही सज्जन कुमार से पूरी तरह राजनीतिक दूरी बना चुकी है। ऐसे में उनके बारे में सकारात्मक टिप्पणी करना पार्टी की घोषित स्थिति के विपरीत संदेश देता है और इससे 1984 के दंगों से जुड़े घाव फिर से ताजा हो सकते हैं।
उन्होंने कहा कि पार्टी के व्यापक हित में ऐसे बयान देने वाले नेता के खिलाफ संगठनात्मक कार्रवाई जरूरी है। शर्मा ने मांग की कि दीपेंद्र हुड्डा को CWC से हटाकर कांग्रेस यह संदेश दे कि वह 1984 के सिख विरोधी दंगों के दोषियों के प्रति किसी भी प्रकार की सहानुभूति को स्वीकार नहीं करती।
बता दें कि 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े मामलों में दोषी ठहराए गए सज्जन कुमार को दो आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। उनका 20 अगस्त को नई दिल्ली में निधन हो गया।
उनके निधन के बाद दीपेंद्र हुड्डा की कथित टिप्पणी को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया। इसी विवाद के बीच अब कुलदीप शर्मा ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से हुड्डा को CWC से हटाने की मांग की है।