
Satya Niketan Building Collapse: दिल्ली के सत्य निकेतन में हुए बिल्डिंग हादसे को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस और सीजेपी (CJP) ने हादसे को लेकर दिल्ली सरकार, केंद्र सरकार और एमसीडी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। इस बीच पुलिस ने इमारत के मालिक हरिराम बंसल को राजस्थान के भिवाड़ी से गिरफ्तार कर लिया है। हादसे में अब तक सात लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर एक इमारत गिर गई थी। हादसे के बाद बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी चलाया जा रहा है। कई घायलों का इलाज जारी है, जबकि मलबे के नीचे अभी भी कुछ लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
एनएसयूआई प्रभारी और कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने दिल्ली बिल्डिंग हादसे को लेकर सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि देश के हर विद्यार्थी के लिए किफायती आवास की व्यवस्था होनी चाहिए और रेंट कंट्रोल एक्ट लाया जाना चाहिए। कन्हैया कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, स्थानीय विधायक, मेयर, पार्षद और एमसीडी कमिश्नर की जवाबदेही पर सवाल उठाए। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर योगेश सिंह को भी सवालों के घेरे में लिया।
कांग्रेस नेता ने कहा कि हादसे की जांच में केवल लीपापोती नहीं होनी चाहिए, बल्कि जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिल्ली के श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (एसआरसीसी) दौरे का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि अगर प्रधानमंत्री वहां गए थे तो सत्य निकेतन क्यों नहीं गए।
कन्हैया कुमार ने कहा कि देश को 'शिक्षित भारत' से 'विकसित भारत' की ओर ले जाने के लिए छात्रों से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से काम करना होगा। उन्होंने कहा कि झूठ और पीआर से देश का भला नहीं होगा और कांग्रेस 'छात्रों की गूंज' के जरिए छात्रों से जुड़े मुद्दों और शिक्षा व्यवस्था की आवाज उठा रही है।
कॉकरोच जनता पार्टी ने भी सत्य निकेतन हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान को लेकर दिल्ली सरकार पर सवाल उठाए। पार्टी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि हादसे को करीब 24 घंटे बीत जाने के बावजूद मलबा पूरी तरह नहीं हटाया जा सका है। सीजेपी ने सवाल किया कि एक दिन बीतने के बाद भी यह स्पष्ट नहीं है कि सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है या नहीं। संगठन ने दिल्ली सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए इसे शर्मनाक बताया।
हादसे के बाद फरार चल रहे इमारत के मालिक हरिराम बंसल को पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हरिराम बंसल को सोमवार दोपहर भिवाड़ी से पकड़ा गया। घटना के बाद से हरिराम बंसल का कोई पता नहीं था। उसकी तलाश के लिए दिल्ली पुलिस ने लुकआउट नोटिस जारी किया था और 10 टीमें बनाई थीं। पुलिस ने तलाश के दौरान उसे राजस्थान के भिवाड़ी से गिरफ्तार कर लिया।