राष्ट्रीय

जंतर-मंतर को धरना प्रदर्शन स्थल से हटाने के फैसले पर कांग्रेस की आई प्रतिक्रिया, कहा- मोदी सरकार डरी हुई है

दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर को निर्धारित प्रदर्शन स्थल की सूची से हटा दिया है। इस फैसले पर कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार डरी हुई है और उसे पता है कि वह लंबे समय तक सत्ता में नहीं रहने वाली है।
2 min read
• •
Oct 12, 2026
Congress Reaction
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल हटाने पर दी प्रतिक्रिया (Photo-IANS)

Jantar Mantar Protest Venue: दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर को निर्धारित प्रदर्शन स्थल के रूप में अधिसूचित सूची से हटा दिया है। केंद्रीय दिल्ली में विरोध-प्रदर्शनों पर रोक लगाने के फैसले को लेकर सियासी विवाद तेज हो गया है। कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने इस निर्णय पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा। गौरव गोगोई ने कहा कि वे डरे हुए हैं और उन्हें पता है कि वे लंबे समय तक सत्ता में नहीं रहने वाले हैं।

रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और सीबीडी मैदान को केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा गठित एक समिति की सिफारिशों के बाद विरोध प्रदर्शन और धरना देने के लिए नए निर्धारित स्थलों के रूप में चुना गया है। वहीं इस पर कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने कहा कि यह इनका हिंदुत्व है। आज से नवरात्रि शुरू हो रही है और हम देवियों को महिलाओं के स्वरूप में पूजते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि इसके बावजूद यह सरकार महिलाओं को पीटती है, उनके साथ बलात्कार होने देती है, उनका शोषण करती है, उन्हें धमकाती है और डराती है। लेकिन ये लोग यह नहीं समझते कि हर महिला में एक देवी का स्वरूप होता है। हम देवी के हर रूप में सामने आएंगे और तब इन्हें समझ में आएगा।

इंडिया गठबंधन के प्रोटेस्ट को लेकर क्या बोले अखिलेश यादव

इंडिया गठबंधन के प्रदर्शन को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि भाजपा अभी भी फर्जी वोट बनवा रही है। हमें उम्मीद है कि चुनाव आयोग निष्पक्ष रहेगा। उत्तर प्रदेश में SIR (मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण) की प्रक्रिया चल रही थी, जो अब पूरी हो चुकी है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में ऐसे वोट अभी भी मौजूद हैं, जो दोहरी प्रविष्टियों वाले हैं। आपने इतनी बड़ी कवायद की, इसमें करोड़ों रुपये खर्च किए और अधिकारियों को भी लगाया। इसके बावजूद आप मतदाता सूची को ठीक नहीं कर पाए।

उन्होंने कहा कि फिर उनसे क्या उम्मीद की जा सकती है? जब मतदाता सूची ठीक ही नहीं करनी थी, तो SIR कराने की जरूरत ही क्या थी? ऐसा लगता है कि चुनाव आयोग भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है।

Updated on:
12 Oct 2026 02:46 pm
Published on:
12 Oct 2026 02:33 pm