राष्ट्रीय

Abhijit Dipke: दिल्ली में बहुमंजिला इमारत गिरने पर अभिजीत दीपके ने पीएम मोदी को घेरा, बोले- ‘कब तक छात्र भुगतेंगे खामियाजा?’

Delhi Building Collapse News: दिल्ली के सत्य निकेतन में बहुमंजिला इमारत गिरने के बाद सीजेपी नेता अभिजीत दीपके ने पीएम मोदी पर निशाना साधा है। हादसे में एक मौत की जानकारी है और कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।
2 min read
Sep 06, 2026
Abhijit Dipke
दिल्ली में बहुमंजिला इमारत गिरने पर बोले अभिजीत दीपके(फोटो-IANS)

Delhi Building Collapse: दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को बहुमंजिला इमारत गिरने के हादसे को लेकर सीजेपी(CJP) नेता अभिजीत दीपके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। उन्होंने हादसे को खराब इंफ्रास्ट्रक्चर और कथित लापरवाही से जोड़ते हुए सवाल उठाया कि आखिर देश में छात्रों को कब तक जर्जर बुनियादी ढांचे की कीमत चुकानी पड़ेगी। सत्य निकेतन में इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मलबे में 20 से 30 लोगों के फंसे होने की आशंका जताई गई है। हादसे में एक व्यक्ति की मौत की जानकारी भी सामने आई है, जबकि कई अन्य लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की बात कही जा रही है। हालांकि, बचाव अभियान जारी रहने के बीच हताहतों की संख्या को लेकर आधिकारिक आंकड़ा अभी स्पष्ट नहीं है।

अभिजीत दीपके ने पीएम मोदी पर साधा निशाना

सीजेपी नेता अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने एक दिन पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी का दौरा किया था और वहां राजनीतिक भाषण के दौरान 'दिमागी नक्सल' जैसे शब्द का इस्तेमाल किया, लेकिन देश के शैक्षणिक बुनियादी ढांचे की स्थिति पर बहुत कम बात की। दीपके ने कहा कि इसके अगले ही दिन साउथ कैंपस के इलाके में एक हॉस्टल की इमारत ढह गई और छात्रों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि हादसे में कितने लोग हताहत हुए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि खराब बुनियादी ढांचे और कथित उपेक्षा की कीमत आखिर कब तक देश के छात्रों को चुकानी पड़ेगी?

'छात्र सुरक्षित हॉस्टल और बुनियादी सम्मान के हकदार'

अभिजीत दीपके ने अपने बयान में आदिवासी इलाकों में सुविधाओं और सहायता की कमी के कारण छात्रों की मौत का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि देश की राजधानी में पढ़ने वाले छात्र भी सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों को सुरक्षित क्लासरूम, सुरक्षित हॉस्टल और बुनियादी सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि क्या छात्रों की ये मांग बहुत ज्यादा है।

सीएम रेखा गुप्ता ने जताई चिंता

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सत्य निकेतन में हुए हादसे पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि डीडीएमए, एनडीआरएफ, दिल्ली फायर सर्विस, दिल्ली पुलिस, एमसीडी, कैट्स और सिविल डिफेंस की टीमें राहत और बचाव अभियान में जुटी हैं। मुख्यमंत्री के मुताबिक, एहतियात के तौर पर हादसे से सटी इमारत को खाली करा लिया गया है। सभी संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय से काम कर रही हैं और मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।

Updated on:
06 Sept 2026 04:55 pm
Published on:
06 Sept 2026 04:55 pm