
PM Modi On Delhi Building Collapse: दिल्ली के सत्य निकेतन में पांच मंजिला बॉयज पीजी की इमारत ढहने के हादसे में अब तक 3 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है, जबकि 9 लोगों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है। हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान जारी है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर दुख जताया है और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। रविवार को सत्य निकेतन इलाके में अचानक पांच मंजिला इमारत भरभराकर गिर गई। इमारत में पीजी चल रहा था। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मलबे में अभी भी कई लोगों के दबे होने की आशंका है। दिल्ली पुलिस, दिल्ली अग्निशमन विभाग, एनडीआरएफ और अन्य बचाव दल मौके पर राहत कार्य में जुटे हैं। मलबा हटाने के लिए जेसीबी मशीनों की मदद ली जा रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना को बेहद दुखद बताया। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। पीएम मोदी ने कहा कि घटनास्थल पर अधिकारी काम कर रहे हैं और हादसे से प्रभावित लोगों को हर संभव मदद दी जा रही है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी सत्य निकेतन हादसे पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इमारत ढहने की खबर बेहद दर्दनाक और चिंताजनक है। राहुल गांधी के मुताबिक, कई लोगों के मलबे में दबे होने की खबर है, जिनमें दिल्ली यूनिवर्सिटी के छात्र भी शामिल हैं। उन्होंने एनडीआरएफ, दिल्ली फायर सर्विस और सभी बचाव दलों से हर संभव प्रयास कर मलबे में फंसे प्रत्येक छात्र तक पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि घायलों को तुरंत बेहतर से बेहतर इलाज मिलना चाहिए और किसी को बचाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जानी चाहिए। राहुल गांधी ने बताया कि कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ता भी मौके पर मौजूद हैं और प्रभावित लोगों की मदद के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल समय में कांग्रेस पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ खड़ी है।
इमारत गिरने की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस और दिल्ली अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं। इसके बाद एनडीआरएफ और अन्य बचाव दलों ने भी सर्च ऑपरेशन शुरू किया। फिलहाल प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और घायलों को तत्काल इलाज उपलब्ध कराने की है। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव अभियान पर नजर रखी जा रही है।