राष्ट्रीय

दिल्ली में बिल्डिंग ढही तो आमने-सामने बीजेपी और विपक्ष, राहुल गांधी ने उठाया हॉस्टल व्यवस्था का मुद्दा, बीजेपी ने दिया जवाब

BJP: दिल्ली के सत्य निकेतन में पीजी की इमारत गिरने से 3 लोगों की मौत और करीब 40 के फंसे होने की आशंका है। राहुल गांधी के हमले पर BJP ने पलटवार किया है।
2 min read
Sep 06, 2026
rahul gandhi
राहुल गांधी(फोटो-ANI)

Delhi Building Collapse: दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन में रविवार दोपहर पीजी की इमारत ढहने के बाद राहत और बचाव अभियान के साथ ही राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी शुरू हो गया है। हादसे में चार लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 40 लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। बचाव टीमें लगातार मौके पर सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। हादसे को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने छात्रों की रहने की खराब व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए सरकार पर निशाना साधा। वहीं, बीजेपी ने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए उस पर हादसे के जरिए 'पब्लिसिटी' हासिल करने की कोशिश करने का आरोप लगाया।

राहुल गांधी ने हॉस्टल व्यवस्था पर उठाए सवाल

राहुल गांधी ने सत्य निकेतन हादसे को बेहद दर्दनाक और चिंताजनक बताया। उन्होंने कहा कि कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में अच्छे हॉस्टल की कमी के कारण छात्रों को पीजी में रहने के लिए मजबूर होना पड़ता है। कांग्रेस नेता ने कहा कि कई छात्र एक ही छत के नीचे बड़ी संख्या में रहने को मजबूर हैं और ऐसी परिस्थितियां अमानवीय हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों की जिंदगी पहले ही संघर्षों से भरी है और अब स्थिति जानलेवा हो गई है। राहुल गांधी ने कहा कि हर छात्र की जिंदगी कीमती है और हर परिस्थिति में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।

सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली सरकार पर लगाए आरोप

आम आदमी पार्टी नेता सौरभ भारद्वाज ने भी दिल्ली में इमारतें गिरने की घटनाओं को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार के कई अधिकारी कथित तौर पर रिश्वत ले रहे हैं। भारद्वाज ने कहा कि कुछ दिन पहले साकेत में चार मंजिला इमारत गिरने की घटना सामने आई थी और सरकार तथा एमसीडी को यह स्वीकार करने में एक सप्ताह लग गया कि इमारत चार मंजिला थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले केवल एमसीडी में रिश्वतखोरी होती थी, लेकिन पिछले एक साल में एमसीडी के साथ दिल्ली फायर विभाग और एसडीएम/डीएम कार्यालयों में भी रिश्वतखोरी हो रही है।

BJP ने विपक्ष पर साधा निशाना

बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने विपक्ष के आरोपों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि सरकार घटना को लेकर गंभीर है, लेकिन विपक्ष इस हादसे से राजनीतिक प्रचार हासिल करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग सिर्फ प्रचार चाहते हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सबसे लोकप्रिय नेताओं में से हैं। दुबे ने कहा कि मोदी ने 12 वर्षों में विकास का काम किया है और इसी वजह से विपक्ष उन पर हमला करता है।

दिल्ली BJP ने विपक्षी नेताओं को बताया 'ट्रेजडी हंटर'

दिल्ली बीजेपी के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने आप नेता सौरभ भारद्वाज और अन्य विपक्षी नेताओं पर भी निशाना साधा। उन्होंने विपक्षी नेताओं को 'ट्रेजडी हंटर' बताते हुए आरोप लगाया कि जब भी दिल्ली या देश में कहीं हादसा होता है, वे सबसे पहले बयान जारी करते हैं, लेकिन मौके पर वास्तविक मदद नहीं करते। बीजेपी ने कहा कि सरकार का ध्यान फिलहाल राहत और बचाव अभियान पर है।

Updated on:
06 Sept 2026 09:58 pm
Published on:
06 Sept 2026 09:58 pm