राष्ट्रीय

दिल्ली के सत्य निकेतन में PG की 5 मंजिला इमारत ढही, 3 की मौत, राहुल गांधी ने रेस्क्यू तेज करने की अपील की

Delhi Building Collapse: दिल्ली के सत्य निकेतन में बॉयज PG की 5 मंजिला इमारत ढहने से 3 लोगों की मौत हो गई। 9 लोगों को अब तक मलबे से निकाला जा चुका है। राहुल गांधी ने बचाव अभियान तेज करने और घायलों को बेहतर इलाज देने की अपील की है।
2 min read
Sep 06, 2026
Delhi Building Collapse, Satya Niketan Building Collapse, Satya Niketan PG Collapse, Delhi PG Building Collapse, Delhi Building Collapse News, Satya Niketan Accident, Rahul Gandhi Satya Niketan, Rahul Gandhi Building Collapse, Delhi Student PG Collapse,
दिल्ली के सत्य निकेतन में PG की 5 मंजिला इमारत ढही, 3 की मौत (फोटो - आईएएनएस)

Satya Niketan Building Collapse: दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां एक बॉयज पीजी की पांच मंजिला इमारत अचानक ढह गई। हादसे में अब तक 3 लोगों की मौत हो चुकी है। कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। राहत और बचाव अभियान जारी है। हादसे के बाद मौके पर दिल्ली पुलिस, दिल्ली अग्निशमन विभाग, एनडीआरएफ और अन्य बचाव दल पहुंच गए। मलबा हटाने के लिए जेसीबी मशीनों की मदद ली जा रही है। अब तक 9 लोगों को मलबे से निकाला जा चुका है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बेसमेंट में चल रहा था मरम्मत का काम

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में पता चला कि इमारत करीब 40 से 50 साल पुरानी थी। इसमें बेसमेंट के अलावा पांच मंजिल थीं। इमारत का इस्तेमाल पीजी के तौर पर किया जा रहा था। हादसे के समय बेसमेंट में मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक पूरी इमारत ढह गई। पुलिस और बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटे हैं। यह इलाका दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस के पास है। यहां बड़ी संख्या में छात्र पीजी और हॉस्टल में रहते हैं। संकरी और भीड़भाड़ वाली गलियों के कारण राहत और बचाव अभियान में भी मुश्किलें आ रही हैं।

राहुल गांधी ने जताया दुख

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने एनडीआरएफ, दिल्ली अग्निशमन विभाग और अन्य बचाव दलों से मलबे में फंसे लोगों तक जल्द पहुंचने की अपील की है। राहुल गांधी ने कहा कि बचाव दलों को हर संभव कोशिश करनी चाहिए, ताकि किसी की जान बचाने में कोई कमी न रहे। उन्होंने घायलों को तुरंत बेहतर इलाज देने की भी अपील की है।

राहुल गांधी ने पीजी में रहने वाले छात्रों की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में पर्याप्त हॉस्टल नहीं होने के कारण छात्रों को पीजी में रहने के लिए मजबूर होना पड़ता है।

कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौके पर मौजूद

राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ता घटनास्थल पर मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि ये कार्यकर्ता पीड़ितों और उनके परिवारों की हर संभव मदद के लिए तैयार हैं। कांग्रेस नेता अभिषेक दत्त ने भी हादसे को बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा कि इस समय सबसे जरूरी है कि पीड़ितों और उनके परिवारों की मदद की जाए। उन्होंने ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने की भी मांग की है।

AAP नेताओं ने भी उठाए सवाल

अरविंद केजरीवाल ने भी हादसे को बेहद दुखद और चिंताजनक बताया है। उन्होंने दिल्ली सरकार से नागरिकों की सुरक्षा के लिए बड़े स्तर पर कदम उठाने की मांग की है। आप सांसद आतिशी ने राहत और बचाव अभियान तेज करने के साथ ही मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। आप नेता सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली में अवैध निर्माण और कथित भ्रष्टाचार को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि बेसमेंट में बारिश के मौसम के दौरान खुदाई का काम चल रहा था।

Updated on:
06 Sept 2026 07:55 pm
Published on:
06 Sept 2026 07:55 pm