Animal Healthcare: देश में पहली बार एक कुत्ते पर सफल ऑनलाइन हीमोडायफिल्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर पशु चिकित्सा क्षेत्र में नया इतिहास रचा। यह उन्नत उपचार नौ वर्षीय लैब्राडोर रिट्रीवर पर विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने सफलतापूर्वक किया।
Dog Dialysis:पंजाब के लुधियाना स्थित गुरु अंगद देव पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय की डायलिसिस यूनिट ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए देश में पहली बार एक कुत्ते पर सफलतापूर्वक ऑनलाइन हीमोडायफिल्ट्रेशन (ओएल-एचडीएफ ) प्रक्रिया को पूरा किया है।
यह उपलब्धि पशु चिकित्सा क्षेत्र में देश की पहली सफल ऑनलाइन हीमोडायफिल्ट्रेशन प्रक्रिया मानी जा रही है। यह जटिल प्रक्रिया नौ वर्षीय लैब्राडोर रिट्रीवर कुत्ते पर की गयी। इस परियोजना को आईसीएआर एक्सपीरिएंशियल लर्निंग प्रोजेक्ट का सहयोग प्राप्त था, जिसका उद्देश्य डायलिसिस यूनिट को एक शैक्षणिक और उन्नत उपचार केंद्र के रूप में विकसित करना है। इस ऐतिहासिक प्रक्रिया को डायलिसिस यूनिट के प्रभारी डॉ रणधीर सिंह ने डॉ गुरप्रीत सिंह और डॉ राज सुखबीर सिंह के साथ मिलकर सफलतापूर्वक पूरा किया।
डॉ रणधीर सिंह ने बताया कि पश्चिमी देशों में पालतू जानवरों पर हीमोडायफिल्ट्रेशन के सीमित मामले सामने आये हैं, लेकिन भारत में किसी कुत्ते पर समर्पित ऑनलाइन हीमोडायफिल्ट्रेशन प्लेटफॉर्म का यह पहला सफल प्रयोग है।
उन्होंने कहा कि ओएल- एचडीएफ मानव चिकित्सा में इस्तेमाल होने वाली एक उन्नत किडनी रिप्लेसमेंट थेरेपी है, जो हेमोडायलिसिस और हेमोफिल्ट्रेशन दोनों तकनीकों को मिलाकर शरीर से विषैले तत्वों को अधिक प्रभावी तरीके से बाहर निकालती है। उन्होंने बताया कि पशु चिकित्सा में इस तकनीक को लागू करना अत्यधिक विशेषज्ञता, आधुनिक बुनियादी ढांचे, सटीक निगरानी और वैज्ञानिक समझ की मांग करता है।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ जे पी एस गिल ने इस उपलब्धि पर डायलिसिस यूनिट की टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विश्वविद्यालय की उन्नत रीनल रिप्लेसमेंट थेरेपी के क्षेत्र में बढ़ती प्रतिष्ठा को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि भारत में पहली बार किसी कुत्ते पर ओएल- एचडीएफ का सफल उपयोग एक असाधारण वैज्ञानिक और चिकित्सीय उपलब्धि है।