
Airplane Hygiene: फ्लाइट में सफर के दौरान सीट के सामने लगी छोटी सी ट्रे टेबल का इस्तेमाल लगभग हर यात्री करता है। कोई उस पर खाना रखता है, तो कोई मोबाइल, लैपटॉप या दूसरी निजी चीजें। लेकिन न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार एक एयर होस्टेस ने इस ट्रे टेबल को लेकर ऐसा दावा किया है, जिसे सुनने के बाद आप भी शायद अगली फ्लाइट में वहां खाना रखने से पहले एक बार जरूर सोचेंगे। एयर होस्टेस के मुताबिक, सीट के पीछे लगी ट्रे टेबल पर कई बार ऐसी चीजें भी की जाती हैं, जिनका यात्रियों को अंदाजा नहीं होता। उनका दावा है कि कुछ माता-पिता बच्चों के गंदे डायपर तक इसी ट्रे पर बदल देते हैं। ऐसे में उन्होंने यात्रियों को ट्रे टेबल का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतने की सलाह दी है।
न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में जेने नाम की एयर होस्टेस ने विमान की ट्रे टेबल को लेकर यात्रियों को सावधान किया। उन्होंने कहा कि वह खुद कभी सीधे ट्रे टेबल पर खाना नहीं रखतीं और न ही अपनी निजी चीजें वहां रखना पसंद करती हैं। जेने ने बताया कि अगर किसी वजह से ट्रे टेबल का इस्तेमाल करना जरूरी हो, तो वह उसके ऊपर कूड़े का बैग बिछा लेती हैं। उनका कहना है कि केवल एक बार डिसइंफेक्टेंट वाइप से ट्रे को पोंछ देना हमेशा पर्याप्त नहीं हो सकता। हालांकि, उन्होंने यह भी बताया कि अलग-अलग डिसइंफेक्टेंट प्रोडक्ट के इस्तेमाल के तरीके अलग हो सकते हैं। कुछ उत्पादों को प्रभावी तरीके से काम करने के लिए सतह को एक निश्चित समय तक गीला रखना पड़ सकता है। इसलिए किसी भी क्लीनिंग प्रोडक्ट का इस्तेमाल करते समय उसके लेबल पर दिए निर्देशों को देखना जरूरी है।
एयर होस्टेस ने सबसे ज्यादा चिंता बच्चों के डायपर बदलने को लेकर जताई। उनके मुताबिक, कुछ यात्री उड़ान के दौरान बच्चों के गंदे डायपर बदलने के लिए ट्रे टेबल का इस्तेमाल करते हैं। जेने ने सवाल उठाया कि जिस जगह पर एक यात्री बच्चे का डायपर बदल रहा है, उसी जगह पर कुछ समय बाद दूसरा यात्री अपना खाना रखता है। ऐसे में ट्रे टेबल पर सीधे खाने-पीने की चीजें रखना सफाई के लिहाज से चिंता का विषय हो सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि कई बार माता-पिता बच्चों के गंदे डायपर फ्लाइट अटेंडेंट को सीधे हाथ में दे देते हैं। ऐसे मामलों में वह यात्रियों को कूड़े का बैग देती हैं और उसमें डायपर रखने को कहती हैं। जेने के मुताबिक, कुछ यात्री इस बात पर नाराज भी हो जाते हैं कि फ्लाइट अटेंडेंट गंदा डायपर सीधे हाथ में लेने से क्यों मना कर रही है।
जेने ने केवल ट्रे टेबल के इस्तेमाल को लेकर ही चिंता नहीं जताई। उन्होंने विमान में यात्रियों की कुछ दूसरी आदतों का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, कुछ यात्री टॉयलेट इस्तेमाल करने के बाद हाथ नहीं धोते। कुछ लोग विमान के अंदर नंगे पैर घूमते हैं। इसके अलावा, उल्टी होने के बाद इस्तेमाल किए गए बैग को भी कुछ यात्री सीधे फ्लाइट अटेंडेंट को पकड़ा देते हैं।