राष्ट्रीय

Monsoon Update: मौसम विभाग का नया अपडेट, बिहार-पूर्वोत्तर में भारी बारिश, राजस्थान में 16 जुलाई से बरसेंगे बादल

IMD Weather Forecast: बिहार, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में अगले कुछ दिन भारी बारिश की संभावना है। वहीं राजस्थान समेत उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में बारिश की गतिविधियां कमजोर रह सकती हैं।
2 min read
Jul 13, 2026
IMD Weather Forecast
जलभराव से निकलते वाहन। फोटो- एएनआई

नई दिल्ली। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह के लिए बारिश का नया पूर्वानुमान जारी किया है। पूर्वोत्तर भारत, बिहार और पश्चिम बंगाल में भारी बारिश का दौर जारी रहेगा, जबकि राजस्थान समेत उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अगले कुछ दिन बारिश की गतिविधियां कमजोर रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 6 से 7 दिन तक उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों और पश्चिम-मध्य भारत में बारिश की गतिविधियां सामान्य से कम रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार पूर्वोत्तर भारत, बिहार और पश्चिम बंगाल में अगले 3 से 4 दिन तक भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। वहीं 13 जुलाई को मेघालय और उप हिमालयी पश्चिम बंगाल व सिक्किम में कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। वहीं हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में 13 से 17 जुलाई के बीच हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। उत्तराखंड में 13 से 19 जुलाई तक कई स्थानों पर बारिश का दौर बना रहेगा। पूर्वी राजस्थान में 16 से 19 जुलाई के बीच कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में भी अलग-अलग दिनों में बारिश का अनुमान है।

छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की चेतावनी

मध्य भारत में छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ में 13 से 19 जुलाई तक रुक-रुककर बारिश होगी। छत्तीसगढ़ में 14 और 15 जुलाई को कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। पूर्वी भारत में बिहार, झारखंड, ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल और उप हिमालयी पश्चिम बंगाल व सिक्किम में कई दिनों तक बारिश जारी रहने का अनुमान है। बिहार में 13 और 14 जुलाई को कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 13 जुलाई को अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 13 से 19 जुलाई तक व्यापक बारिश की संभावना है। मेघालय में 13 जुलाई को कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश हो सकती है।

पश्चिम भारत के लिए अनुमान

पश्चिम भारत में गुजरात, सौराष्ट्र-कच्छ, मध्य महाराष्ट्र और कोंकण-गोवा में अलग-अलग दिनों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। दक्षिण भारत के कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और लक्षद्वीप में भी अगले सप्ताह तक रुक-रुककर बारिश जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने कुछ राज्यों में तेज हवा, गरज-चमक और बिजली गिरने की भी चेतावनी दी है। वहीं आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में 13 से 15 जुलाई के बीच गर्म हवा और ओडिशा, तमिलनाडु तथा रायलसीमा में गर्म और उमस भरे मौसम की स्थिति बने रहने का अनुमान जताया है।

Updated on:
13 Jul 2026 07:31 pm
Published on:
13 Jul 2026 07:30 pm