राष्ट्रीय

IMD ALERT: मुंबई में बाढ़, देश के कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी, मध्य भारत में तूफान आने का अंदेशा

IMD Rain Alert: मौसम विभाग ने देश के कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। दिल्ली, पंजाब और केरल समेत कई राज्यों में 25 जून तक आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
2 min read
Jun 24, 2026
IMD Heavy Rain News
देश के कई राज्यों में भारी वर्षा होने की संभावना। ( सांकेतिक फोटो: IANS)

IMD Heavy Rain Alert : मौसम करवट लेने से मुंबई में बाढ़ से बुरा हाल है, पूर्वोत्तर में अलर्ट जारी किया गया है, दिल्ली में मानसून के आने का इंतजार है। मौसम विभाग ने देश के कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, जिसके तहत दिल्ली, पंजाब और केरल सहित भारत के कई राज्यों में 25 जून तक गरज, बिजली और तेज हवाओं का पूर्वानुमान है। दक्षिण-पश्चिम मानसून भारत भर में आगे बढ़ रहा है, जिससे बाढ़, भारी बारिश और गरज के साथ तूफान आ रहे हैं। मध्य भारत में तूफान आने की आशंका है।

देश में मानसून उत्तर की ओर बढ़ रहा

मौसम विभाग के मुताबिक देश में मानसून उत्तरी राज्यों की ओर बढ़ रहा है और जुलाई की शुरुआत तक दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में पहुंचने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार असम, मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बहुत भारी बारिश होने की आशंका है, जिससे बाढ़ और भूस्खलन का खतरा है।

मौसम खराब ​होने की चेतावनी का दायरा बढ़ा

मौसम विभाग ने कई प्रदेशों के लिए अलर्ट जारी किया है, जिसमें 25 जून तक बिजली गिरने और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ बादल गरजने और बिजली चमकने की चेतावनी दी है, जो कुछ इलाकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है। बाढ़ के कारण पूरी मुंबई पानी-पानी नजर आ रही है।

भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक प्रभावित क्षेत्रों में दिल्ली,पंजाब हरियाणा, चंडीगढ़, आंध्र प्रदेश, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, गुजरात,गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, जम्मू और कश्मीर,अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, लद्दाख, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश शामिल हैं। उधर मेघालय,असम,सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान है, जबकि बिहार, ओडिशा, तेलंगाना, केरल, तटीय कर्नाटक और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है।

कमजोर मानसून 2 जुलाई तक जारी रहने की संभावना

आईएमडी का अनुमान है कि कमजोर मानसून 2 जुलाई तक जारी रहने की संभावना है। अगले 2-3 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के गुजरात, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में और आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियाँ अनुकूल बनी हुई हैं। इसके बाद, मानसून के बिहार और झारखंड के शेष भागों और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में प्रवेश करने की संभावना है।

दक्षिण-पश्चिम मानसून दिल्ली पहुंचने की संभावना 27 जून के आसपास

मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून के दिल्ली पहुंचने की संभावना लगभग 27 जून के आसपास है, जो इसकी सामान्य शुरुआत की तारीख के करीब है, हालांकि कुछ मौसम वैज्ञानिकों का मानना ​​है कि इसमें थोड़ी देरी होकर जुलाई की शुरुआत तक पहुंचने की संभावना अभी भी बनी हुई है।

इन राज्यों में छिटपुट से मध्यम वर्षा होने की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली के अलावा, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू और कश्मीर में छिटपुट से लेकर मध्यम वर्षा होने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी राज्यों में 29 जून तक गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की आशंका है।

सबसे अधिक वर्षा वाले क्षेत्र में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा

मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वोत्तर देश का सबसे अधिक वर्षा वाला क्षेत्र बना हुआ है और आने वाले सप्ताह में यहां सबसे अधिक वर्षा होने की संभावना है। मौसम विज्ञान विभाग ने 29 जून तक अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में व्यापक वर्षा का पूर्वानुमान लगाया है। असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि असम और मेघालय के कुछ हिस्सों में अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है।

Updated on:
24 Jun 2026 04:48 pm
Published on:
24 Jun 2026 04:06 pm