राष्ट्रीय

‘भारत की राजनीति को अस्थिर करने का षड्यंत्र’, इमरान खान के प्रदर्शन में शामिल होने पर सामने आए बीजेपी नेताओं के तीखे बयान

Imran Khan deportation: आमिर खान के भांजे अभिनेता इमरान खान को भारत छोड़ने का नोटिस मिला है। इस मामले पर बीजेपी नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए विदेशी नागरिकों द्वारा विरोध प्रदर्शन और राजनीति में दखल का विरोध किया है।
2 min read
• •
Oct 15, 2026
Actor Imran Khan
एक्टर इमरान खान (फोटो सोर्स- IANS)

Imran Khan: अभिनेता आमिर खान के भांजे इमरान खान को लेकर विवाद बढ़ता ही जा रहा है। लगातार भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कांग्रेस के नेता इस मुद्दे पर बयानबाजी कर रहे हैं। अभिनेता इमरान खान को भारत छोड़ने के लिए कहे जाने पर, बीजेपी नेता जफर इस्लाम ने कहा कि उन्हें भारत में विरोध प्रदर्शन करने का अधिकार नहीं है।

आगे उन्होंने कहा कि मुझे इस बात की जानकारी नहीं थी कि वह एक विदेशी नागरिक हैं। अगर वह हैं, तो उन्हें विरोध प्रदर्शन करने का कोई अधिकार नहीं है। क्योंकि यह देश के नागरिकों का अधिकार है। साथ ही उन्होंने कहा कि कानून अपना काम कर रहा है और किसी को भी इसमें दखल नहीं देना चाहिए।

'भारत की राजनीति को अस्थिर करने का षड्यंत्र'

इस मुद्दे को लेकर बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने कहा कि ये विदेशी ताकतों के भारत की राजनीति को अस्थिर करने का षड्यंत्र हैं, जो सामने आ रहा है। उन्होंने इमरान खान के मामले में कहा कि वे यहां आए ही क्यों हैं। इमरान खान को भारत में राजनीति करने का कोई अधिकार नहीं है।

उन्होंने कहा कि इस तरह के और भी बहुत से लोग होंगे, उनको भी इसी तरह से देश से निकाला जाना चाहिए। उन्होंने इस कदम की तारिफ करते हुए गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का धन्यवाद दिया।

'24 घंटे के भीतर डिपोर्ट करें'

इमरान खान की नागरिकता को लेकर भिनेता और एफटीआईआई के पूर्व अध्यक्ष गजेंद्र चौहान ने कहा कि सरकार उन्हें देश छोड़ने के लिए 12 दिन का समय न देकर सिर्फ 24 घंटे का समय दें। उन्होंने कहा कि अच्छा हुआ जो इमरान विरोध प्रदर्शन करने गए। उनके ऐसा करने से यह मामला सामने आ गया। उन्होंने कहा कि क्या पता अभी और कितने लोग ऐसे हों जो इस तरह से छुपे बैंठे हों।

क्या है पूरा मामला?

अभिनेता आमिर खान के भांजे इमरान खान 10 अक्टूबर को मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में हुए विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए थे। यहां लोग मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। यह प्रदर्शन दिल्ली में चल रहे आंदोलन के समर्थन में किया गया था। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने अभिनेता इमरान खान समेत कई लोगों को हिरासत में लिया था। बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।

इमरान खान के पास भारत की नागरिकता नहीं हैं। इमरान के खिलाफ इमीग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट की धारा 7 और 29 के तहत कार्रवाई की गई है और अभिनेता को नोटिस की एक कॉपी मिल गई है। अब पुलिस ने उन्हें 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस दिया है।

Updated on:
15 Oct 2026 05:36 pm
Published on:
15 Oct 2026 05:36 pm