
INDIA Bloc Protest March:इंडिया गठबंधन के विरोध मार्च के दौरान आम आदमी पार्टी (AAP) के नेताओं ने चुनावी प्रक्रिया में निष्पक्षता की मांग उठाते हुए आंदोलन तेज करने का ऐलान किया। वहीं सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आम आदमी पार्टी द्वारा विरोध मार्च निकाला जा रहा है। इसका संजय सिंह और सौरभ भारद्वाज ने नेतृत्व किया। पुलिस ने दोनों नेताओं को हिरासत में ले लिया है।
वहीं AAP नेता गोपाल राय ने कहा कि ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, FIR रद्द करने और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने की मांग को लेकर पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा।
आप नेता गोपाल राय ने बताया कि आंदोलन की आगे की रणनीति तय करने के लिए आज आम आदमी पार्टी के सभी विधायकों, पार्षदों और पदाधिकारियों की बैठक बुलाई गई है। बैठक में आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज करने की रणनीति पर चर्चा होगी।
उन्होंने कहा कि यह जनता का आंदोलन है और देश को बचाने की लड़ाई है। जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, FIR वापस नहीं ली जाती और निष्पक्ष चुनाव की व्यवस्था सुनिश्चित नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
वहीं, AAP सांसद संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी इस मुद्दे पर लगातार संघर्ष कर रही है। पार्टी ने सड़क से लेकर संसद तक अपनी आवाज उठाई है।
संजय सिंह ने कहा कि जब CJP ने विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया, तो आम आदमी पार्टी भी समर्थन में आगे आई और इस लड़ाई में शामिल हुई। उन्होंने कहा कि पार्टी अपने तरीके से इस मुद्दे पर संघर्ष कर रही है।
विपक्ष के प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस नेता प्रियांक खरगे ने कहा कि हम बहुत जायज सवाल उठा रहे हैं। फॉर्म-6 को किसने मंजूरी दी? फॉर्म-7 की बड़े पैमाने पर छपाई किसने कराई और पहले से भरे हुए फॉर्म-7 कहां से आए? ज्ञानेश कुमार कहां छिपे हुए हैं? जब किसी संवैधानिक संस्था का प्रमुख लापता हो, तो हमें सवाल पूछने ही होंगे। जो लोग जीवित हैं, उन्हें भी मतदाता सूची में मृत घोषित किया जा रहा है। खैर, हम इस मामले पर काम कर रहे हैं और याचिका दायर करेंगे।
वहीं कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि यह शक्ति प्रदर्शन नहीं है, बल्कि देश की जनता की लड़ाई है और हम यह लड़ाई लड़ रहे हैं।
कांग्रेस सांसद मनोज कुमार ने कहा कि यह लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है। आज सभी सांसद, नेता, पूर्व मुख्यमंत्री और मंत्री एकजुट होकर यहां जुटे हैं। हमने भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) से मिलने का अनुरोध किया था, लेकिन उन्होंने इसके बजाय हमें याचिका दायर करने के लिए कहा। हम ऐसा ही करने जा रहे हैं। यह लड़ाई जारी रहेगी।
इसके अलावा कांग्रेस नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा ने कहा कि वे जनता की आवाज को दबाना चाहते हैं। लोकतंत्र में जनता की आवाज को कभी दबाया नहीं जा सकता। वे घबराए हुए हैं।