राष्ट्रीय

‘दूसरों पर उंगली उठाने के बजाय, पाकिस्तान अपने अंदर झांके’, आतंकवाद पर भारत ने दिया मुहतोड़ जवाब

India Rejects Pakistan Allegations: हाल ही में हुए कराची हमले पर पाकिस्तान के आरोपों को भारत ने सिरे से खारिज कर दिया है। भारत ने मुहतोड़ जवाब देते हुए, पाकिस्तान से आतंकवाद के खिलाफ ठोस कार्रवाई करने और दूसरों पर आरोप लगाने से पहले खुद पर आत्ममंथन करने को कहा है।
2 min read
• •
Jun 28, 2026
PM MODI AND AMIT SHAH
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह (इमेज सोर्स: ANI)

India-Pakistan Tensions: कराची में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। पाकिस्तान ने इस घटना को लेकर भारत पर आरोप लगाया। लेकिन भारत ने अपने जवाब में इसे पूरी तरह बेबुनियाद बताया। भारत ने साफ कहा कि दूसरों को दोष देने के बजाय पाकिस्तान को अपने देश में मौजूद आतंकवादी संगठन के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। विदेश मंत्रालय ने आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान को कड़ा संदेश भी दिया।

भारत ने पाकिस्तान के आरोपों को किया खारिज

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि पाकिस्तान की रिपोर्ट पूरी तरह बेबुनियाद है। भारत का इस घटना से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को बार-बार भारत पर आरोप लगाने की आदत छोड़नी चाहिए। इसके बजाय उसे अपने देश में सक्रिय आतंकी संगठनों के खिलाफ ठोस और भरोसेमंद कार्रवाई करनी चाहिए।

रणधीर जायसवाल ने कहा कि पाकिस्तान को आत्ममंथन करने की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि आतंकवाद को किसी भी देश की नीति का हिस्सा नहीं बनाया जाना चाहिए। भारत का मानना है कि आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई ही क्षेत्र में शांति ला सकती है।

कराची हमले में हुई थी कई लोगों की मौत

शनिवार रात कराची के ‘गुलिस्तान-ए-जौहर’ इलाके में स्थित सिंध रेंजर्स के प्रांतीय मुख्यालय पर बड़ा आतंकी हमला हुआ। सिंध पुलिस के अनुसार, आतंकियों ने विस्फोटकों से भरी गाड़ी को मुख्य गेट से टकरा दिया। इसके बाद भारी गोलीबारी शुरू हो गई। हमले में तीन पाकिस्तानी अर्धसैनिक जवान और तीन आतंकवादी मारे गए। एक जवान घायल भी हुआ, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया और कई घंटों तक तलाशी अभियान चलाया।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआत में यह स्पष्ट नहीं था कि गाड़ी में विस्फोट हुआ था या नहीं। बाद में स्पेशल सिक्योरिटी यूनिट, एंटी टेररिस्ट फोर्स और रेंजर्स ने मिलकर पूरे इलाके को सुरक्षित किया।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इस हमले की जिम्मेदारी तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान से जुड़े संगठन जमात-उल-अहरार ने ली है। संगठन का दावा है कि इस हमले में नौ आतंकवादी शामिल थे।

कराची हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच जुबानी टकराव और तेज हो गया है। भारत ने साफ कर दिया है कि वह किसी भी तरह के झूठे आरोप स्वीकार नहीं करेगा। साथ ही पाकिस्तान से आतंकवाद के खिलाफ ठोस और प्रभावी कार्रवाई करने की अपील दोहराई है।

Updated on:
28 Jun 2026 09:43 pm
Published on:
28 Jun 2026 09:43 pm