राष्ट्रीय

Weather Update: उत्तर-मध्य भारत में बाढ़ जैसे हालात, एक साथ 5 मौसम सिस्टम सक्रिय; दिल्ली समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

India Weather Alert: उत्तर-मध्य भारत में सक्रिय पांच मौसम प्रणालियों के कारण भारी बारिश का दौर जारी है। दिल्ली समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि उत्तरप्रदेश, बिहार और मध्यप्रदेश के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं।
2 min read
• •
Updated: 5 Sep 2026, 11:38 AM IST
India Weather Alert
Heavy rainfall lashes parts of Kolkata (Photo ANI)

India Weather Alert: नई दिल्ली। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के बीच देश के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय बना हुआ है। दिल्ली, मध्यप्रदेश, राजस्थान, उत्तरप्रदेश और बिहार समेत उत्तर एवं मध्य भारत के कई राज्यों में शुक्रवार को भारी बारिश हुई। लगातार बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव के साथ बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

उत्तर-मध्यप्रदेश में निम्न दबाव क्षेत्र सक्रिय

उत्तर-मध्यप्रदेश और इससे सटे दक्षिणी उत्तरप्रदेश के ऊपर निम्न दबाव क्षेत्र सक्रिय है। इसके प्रभाव से पूर्वी मध्यप्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान कुछ स्थानों पर चार से पांच इंच तक बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। वहीं हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी उत्तरप्रदेश, पश्चिमी मध्यप्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, नागालैंड और पश्चिम बंगाल में भी कई स्थानों पर तीन से चार इंच तक भारी बारिश हुई।

दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश का अलर्ट

राजधानी दिल्ली और एनसीआर में शनिवार को भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार करीब चार घंटे तक तेज बारिश का दौर रह सकता है। बारिश के चलते दिल्ली के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। दोपहर बाद बारिश और तेज होने की संभावना है। नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में भी भारी बारिश के आसार हैं। लगातार बारिश से दिल्ली-एनसीआर के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से कुछ राहत मिली है।

उत्तरप्रदेश के 23 जिलों में बाढ़ जैसे हालात

उत्तरप्रदेश के 23 जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। वाराणसी और चित्रकूट में स्थिति अधिक प्रभावित बताई जा रही है। गोंडा में घाघरा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। वहीं कानपुर के कई गांवों में नदी का पानी पहुंच गया है।

बिहार में पांच लाख लोग प्रभावित

बिहार के 16 जिलों में करीब पांच लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। गंगा समेत आठ प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। कटिहार में बाढ़ के बीच बच्चों को नाव के जरिए स्कूल पहुंचना पड़ रहा है।

मध्यप्रदेश में नदियां उफान पर

मध्यप्रदेश में भी भारी बारिश के चलते हालात बिगड़े हुए हैं। मंदाकिनी और नर्मदा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। छतरपुर, सतना, मंडला और मैहर समेत कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हैं। बाणसागर और बरगी बांध से पानी की निकासी की जा रही है।

दो दिन कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने शनिवार को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तरप्रदेश, दिल्ली, पंजाब, बिहार और पूर्वोत्तर राज्यों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं पूर्वी राजस्थान और मध्यप्रदेश में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। रविवार और सोमवार को भी मध्य एवं उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने तथा येलो अलर्ट रहने की संभावना है।

एक साथ पांच मौसम प्रणालियां सक्रिय

देश में इस समय एक साथ पांच प्रमुख मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं, जिनके कारण उत्तर और मध्य भारत में बारिश का दौर बना हुआ है।

-उत्तर-मध्यप्रदेश के ऊपर निम्न दबाव क्षेत्र सक्रिय है।
-मानसून ट्रफ का पूर्वी सिरा सामान्य स्थिति से उत्तर में है।
-उत्तर-पूर्वी राजस्थान से मणिपुर तक ट्रफ सक्रिय है।
-दक्षिणी गुजरात से झारखंड तक भी ट्रफ का प्रभाव बना हुआ है।
-मध्य और ऊपरी वायुमंडलीय स्तर पर नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है।

Updated on:
5 Sep 2026, 11:38 AM IST
Published on: