राष्ट्रीय

Andhra Pradesh News: धर्म परिवर्तन के आरोपों पर भड़के पूर्व मंत्री जोगी रमेश, बोले- पत्नी का बाइबल पढ़ना गलत कैसे? TDP विधायक पर भी साधा निशाना

Jogi Ramesh Meghana Case: जोगी रमेश ने बेटे राजीव और बहू मेघना के वैवाहिक विवाद को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाया। उन्होंने परिवार पर लगे धर्मांतरण, दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा के आरोपों पर सफाई दी। रमेश ने फर्जी AI सामग्री फैलाने और TDP नेताओं के हस्तक्षेप का आरोप लगाते हुए कहा कि राजनीतिक लड़ाई मुद्दों पर होनी चाहिए।
2 min read
Aug 25, 2026
Jogi Ramesh son Rajiv
आंध्र प्रदेश के पूर्व मंत्री जोगी रमेश (Photo-X @TeluguStride)

Jogi Ramesh Family Dispute: वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (YSRCP) के वरिष्ठ नेता और आंध्र प्रदेश के पूर्व मंत्री जोगी रमेश ने अपने परिवार के विवाद को राजनीतिक मुद्दा बनाए जाने का आरोप लगाया है। इस दौरान उन्होंने अपने बेटे राजीव और बहू मेघना के वैवाहिक विवाद को लेकर अपने परिवार का बचाव किया है। साथ ही कहा कि इस मुद्दे को लेकर उनके परिवार को निशाना बनाया जा रहा है। 

जोगी रमेश ने कहा कि शादी के बाद राजीव और मेघना के बीच मतभेद सामने आने पर परिवार ने दोनों के बीच समझौता कराने की कोशिश की थी। हालांकि, बाद में राजीव ने तलाक के लिए आवेदन किया। रमेश ने कहा कि इसके बावजूद वह मेघना को अपनी बेटी की तरह ही मानते रहे हैं।

धर्मांतरण के आरोपों पर उठाए सवाल

इस दौरान उन्होंने धर्मांतरण से जुड़े आरोपों पर आपत्ति जताई। उन्होंने सवाल किया- अगर मेरी पत्नी बाइबल पढ़ती हैं या ईसा मसीह की शिक्षाएं सुनती हैं तो इसमें गलत क्या है? उन्होंने कहा कि उनका परिवार सभी धर्मों का सम्मान करता है और मंदिरों में जाकर पूजा-पाठ व हिंदू धार्मिक अनुष्ठानों में भी हिस्सा लेता है।

परिवार को किया जा रहा बदनाम

 पूर्व मंत्री रमेश ने आरोप लगाया कि उनके परिवार को बदनाम करने के लिए फर्जी वीडियो, ऑडियो क्लिप और AI से तैयार की गई सामग्री सोशल मीडिया पर शेयर की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि ये सत्ताधारी पार्टी के नेताओं और समर्थकों से जुड़े प्लेटफॉर्मों पर भी ऐसी चीजें शेयर की जा रही है। 

बहू मेघना ने दर्ज कराई थी शिकायत

बता दें कि मेघना ने थाने में जोगी रमेश के परिवार के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने जोगी रमेश समेत परिवार के 11 सदस्यों के खिलाफ FIR दर्ज की है। शिकायत में दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मामले में धार्मिक धर्मांतरण को लेकर भी आरोप सामने आए हैं। इसके बाद परिवार ने कानूनी राहत के लिए अदालत का रुख किया है।

TDP विधायक पर लगाया हस्तक्षेप का आरोप

जोगी रमेश ने आरोप लगाया कि मायलावरम से TDP विधायक वसंता कृष्ण प्रसाद ने इस मामले में हस्तक्षेप किया है। उन्होंने सवाल उठाया कि हर परिवार में निजी विवाद हो सकते हैं, तो उनके परिवार के मामले को ही बार-बार राजनीतिक और मीडिया मुद्दा क्यों बनाया जा रहा है। रमेश ने उदाहरण देते हुए पूछा कि क्या NTR, ANR या चिरंजीवी के परिवारों में कभी निजी विवाद नहीं हुए?

'राजनीतिक लड़ाई राजनीतिक मुद्दों पर हो'

रमेश ने आरोप लगाया कि TDP के नेतृत्व वाली सरकार के सत्ता में लौटने के बाद से ही उन्हें और उनके परिवार को निशाना बनाया जा रहा है। हालांकि, उन्होंने कहा कि वह राजनीतिक परिणामों का सामना करने के लिए तैयार हैं।

उन्होंने कहा कि जोगी रमेश कभी गलत काम नहीं करेगा। मैं राजनीतिक रूप से किसी भी परिणाम का सामना करने के लिए तैयार हूं।

Updated on:
25 Aug 2026 11:22 am
Published on:
25 Aug 2026 11:22 am