राष्ट्रीय

Nepal Flood: नेपाल में आई आपदा में 290 भारतीय लापता, 84 लोगों को किया रेस्क्यू

Nepal Flood: नेपाल में भीषण बाढ़ के बीच 290 भारतीय नागरिकों से संपर्क नहीं हो पा रहा है, जबकि 84 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। भोटेकोशी नदी पर फिर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।
2 min read
Nepal Flood Rescue
Nepal Flood: नेपाल में बाढ़ से हालात भयावह, रेस्क्यू अभियान जारी, photo credit: ANI

Nepal Flash Flood: भारतीय विदेश मंत्रालय ने नेपाल में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित भारतीय नागरिकों के बारे में जानकारी सार्वजनिक की है। सूचना के अनुसार, अभी तक 290 भारतीय नागरिकों से संपर्क करने में प्रशासन नाकाम रहा है। हालांकि, प्रशासन ने रेस्क्यू अभियान निरंतर चला रखा है और त्रिशूली-I प्रोजेक्ट के कर्मचारियों और तमिलनाडु के 21 लोगों को रेस्क्यू किया गया है।

290 से ज्यादा भारतीय लापता, संपर्क से बाहर

भारत के विदेश मंत्रालय ने बताया कि 290 भारतीय नागरिकों से संपर्क नहीं हो पा रहा है और बचाए गए लोगों के बारे में भी जानकारी दी। सरकार की ओर से जारी सूचना के अनुसार, अब तक त्रिशूली-I प्रोजेक्ट के 63 कर्मचारियों और तमिलनाडु के 21 लोगों को बाढ़ से रेस्क्यू किया गया है।

भोटेकोशी नदी पर फिर मंडराया खतरा

नेपाल में बुधवार को आई बाढ़ से तबाही के बाद अब फिर से खतरा मंडराने लगा है। नेपाल के अधिकारियों ने भोटेकोशी नदी के लिए बाढ़ की नई चेतावनी जारी की है। सैटेलाइट तस्वीरों से पता चला है कि उस जगह पर एक झील बन गई है, जहां बाढ़ आई थी। देश की आपदा प्रबंधन एजेंसी ने गुरुवार को कहा कि झील का जलस्तर बढ़ रहा है और इसके फटने का खतरा है। एजेंसी ने लोगों और बचाव कर्मियों से नदी के किनारों से दूर रहने की अपील की है।

रेस्क्यू अभियान लगातार जारी

पुलिस अधिकारियों के हवाले से AP की रिपोर्ट के अनुसार, अब तक कम से कम 353 लोगों की मौत होने के समाचार हैं। नेपाल की भोटेकोशी और त्रिशूली नदियों में बाढ़ आने के बाद लगभग 800 लोग लापता बताए गए थे। अधिकारियों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, 200 से ज्यादा भारतीय नागरिक चीन की तरफ वाले इलाके में फंसे होने की खबर है। हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

भारत ने नेपाल भेजी मानवीय सहायता

इस मुश्किल घड़ी में भारत ने नेपाल के लिए मानवीय सहायता भेजी है। सहायता सामग्री विमान से काठमांडू पहुंची। यह जानकारी विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर दी। जयशंकर ने कहा कि भारत की मानवीय सहायता और आपदा राहत (HADR) तथा चिकित्सा सहायता काठमांडू पहुंच गई है। उन्होंने बताया कि राहत प्रयासों में सहयोग के लिए और सहायता जुटाई जा रही है।

Updated on:
27 Aug 2026 09:16 pm
Published on:
27 Aug 2026 09:16 pm