राष्ट्रीय

नेपाल में आई बाढ़ से 8 लोगों की मौत, कई लापता! बिहार में भी बढ़ा खतरा, सरकार अलर्ट

नेपाल में आई भीषण बाढ़ से बिहार पर मंडराया खतरा। गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका के बीच बिहार सरकार अलर्ट मोड पर है। जानें किन जिलों में बढ़ी चिंता और क्या है पूरा मामला।
2 min read
Aug 26, 2026
Nepal Bihar Flood
नेपाल में ​बाढ़ से भीषण तबाही, बिहार में भी मंडराया खतरा, photo credit: AI

Nepal Flood Bihar Flood Alert:नेपाल के रसुवा जिले में बुधवार सुबह अचानक आई भीषण बाढ़ से भारी तबाही मचने के बाद नेपाल के कई जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। बाढ़ से 8 लोगों की मौत होने की सूचना है वहीं कई लोग लापता बताए गए हैं।

बाढ़ से बिहार में मंडरा रहे संभावित खतरे को देखते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने निगरानी के लिए एक हाई-लेवल टीम गठित की है। उन्होंने कहा कि मुख्य सचिव और डीजीपी खुद हालात पर नजर रख रहे हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वह इस मामले को लेकर तुरंत एक बैठक कर रहे हैं।

नेपाल के रसुवा जिले में तबाही

नेपाल के रसुवा जिले में बुधवार को तेज बारिश और तिब्बत की तरफ से बड़ी मात्रा में पानी आने के कारण भोटे कोशी नदी के जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी हुई। पानी के तेज बहाव के कारण नेपाल के तिमुरे और स्याफ्रुबेसी इलाके में कई गाड़ियां, सामान और मकान पानी में बह गए। बाढ़ का पानी भोटे कोशी से आगे त्रिशूली नदी तक पहुंचने के कारण बिहार में भी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

इस कारण बढ़ी चिंता

नेपाल के रसुवा जिले में आई बाढ़ से बिहार में भी नुकसान की आशंका है। भोटे कोशी और त्रिशूली नदियों का पानी आगे चलकर नारायणी नदी में मिलता है। नारायणी नदी भारत में प्रवेश करने के बाद गंडक नदी कहलाती है। ऐसे में नेपाल से आ रहे पानी के कारण गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने पर बिहार में बाढ़ जैसे हालात बनने की आशंका है।

संभावित इलाकों में बढ़ाई गई निगरानी

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नेपाल में आई बाढ़ के कारण राज्य में संभावित खतरे को देखते हुए निगरानी के लिए एक हाई-लेवल टीम गठित की है। जानकारी के अनुसार, नेपाल से होकर भारत में प्रवेश करने वाली नारायणी नदी को भारत में गंडक नदी के नाम से जाना जाता है। बिहार सरकार के जल संसाधन विभाग के अनुसार, गंडक नदी बिहार में पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, सीवान, सारण और वैशाली जिलों से होकर गुजरती है। इसके बाद यह हाजीपुर के पास गंगा नदी में मिल जाती है। यदि गंडक नदी में पानी का बहाव तेज हुआ तो बिहार के इन जिलों में बाढ़ जैसे हालात बनने की आशंका है। संभावित खतरे को देखते हुए बिहार सरकार ने बाढ़ प्रभावित और संभावित इलाकों में विशेष निगरानी के निर्देश दिए हैं।

Updated on:
26 Aug 2026 02:53 pm
Published on:
26 Aug 2026 02:52 pm