
Narendra Modi Putin Meeting: BRICS का 18वां शिखर सम्मेलन 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा। लेकिन इस समिट से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की अहम द्विपक्षीय बैठक होने जा रही है। दोनों नेता शुक्रवार, 11 सितंबर को BRICS समिट के मौके पर मुलाकात करेंगे। इस बीच दिल्ली में सम्मेलन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था भी पूरी तरह मजबूत की जा रही है और NSG समेत कई एजेंसियों ने मॉक ड्रिल की है।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, रूस में क्रेमलिन के एक प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शुक्रवार को द्विपक्षीय बैठक करेंगे। यह बैठक नई दिल्ली में होने वाले BRICS समिट के दौरान होगी। दोनों देशों के नेताओं की यह मुलाकात सम्मेलन शुरू होने से एक दिन पहले होगी। भारत ने इस साल 1 जनवरी से BRICS की अध्यक्षता संभाली है। यह चौथी बार है जब भारत इस समूह की अध्यक्षता कर रहा है। साथ ही साल 2026 BRICS की स्थापना के 20 साल पूरे होने का भी वर्ष है।
BRICS समिट से पहले दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। नेशनल सिक्योरिटी गार्ड यानी NSG के जवानों ने जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में मॉक ड्रिल की। इस दौरान दिल्ली के कई महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा तैयारियों का अभ्यास किया गया। JLN स्टेडियम और राजघाट समेत कई प्रमुख जगहों पर सुरक्षा अभ्यास किया गया। कमांडो ने हेलिकॉप्टर के जरिए इलाके में उतरकर सुरक्षा संभालने का अभ्यास किया। इसके बाद आसपास के अस्पतालों, प्रशासनिक भवनों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर तलाशी और सुरक्षा अभ्यास किया गया। दिल्ली पुलिस, CAPFs, अस्पतालों और अन्य एजेंसियों ने भी इसमें हिस्सा लिया। NSG इस ड्रिल की मुख्य एजेंसी रही।
चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने मंगलवार को कहा कि चीन BRICS सहयोग को महत्व देता है और इस साल नेताओं के सम्मेलन की सफल मेजबानी के लिए भारत का समर्थन करता है। हालांकि, चीन की ओर से सम्मेलन में कौन शामिल होगा, इस सवाल पर उन्होंने कहा कि फिलहाल उनके पास साझा करने के लिए कोई विशेष जानकारी नहीं है।