राष्ट्रीय

‘गर्मी में रहे सावधान, दूसरों को भी पिलाएं पानी’, पीएम नरेंद्र मोदी की देशवासियों से अपील

PM Narendra Modi's Appeal: भीषण गर्मी की वजह से देश के कई हिस्सों में लोगों की हालत खराब है। इसी बीच अब पीएम नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से एक अपील की है।
2 min read
May 27, 2026
PM Narendra Modi
पीएम नरेंद्र मोदी (Photo - IANS)

देश के कई राज्यों में गर्मी (Summer) की वजह से लोगों के हाल बेहाल हैं। सुबह, शाम और रात के समय तो फिर भी कुछ राहत रहती है, लेकिन दोपहर के समय तो तापमान इतना ज़्यादा रहता है कि लोगों को काफी परेशानी हो रही है। कई इलाकों में तो नौतपा की वजह से लोगों के हाल बेहाल हैं। हीटवेव (Heat Wave) की वजह से ऐसा लग रहा है जैसे आसमान से 'आग' बरस रही है। भीषण गर्मी को देखते हुए अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने देशवासियों से सावधान रहने की अपील की है।

"दूसरों को भी पिलाएं पानी"

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा, "भारत के विभिन्न हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ रही है और इसके साथ ही कई परेशानियाँ भी सामने आ रही हैं। यह गर्मी हम सभी के लिए कष्टदायी है और मैं आप सभी से यथासंभव सावधानी बरतने का आग्रह करता हूं। कृपया पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, बाहर निकलते समय अपने साथ पानी जरूर रखें। दूसरों को भी पानी पिलाएं। ऐसे मौसम में ऐसी दयालुता बहुत मायने रखती है।"

"गर्मी से होने वाली थकावट के लक्षणों पर दें ध्यान"

पीएम मोदी ने आगे लिखा, "गर्मी से होने वाली थकावट के लक्षणों जैसे चक्कर आना, मतली या अत्यधिक थकान पर ध्यान दें। यदि आपके आस-पास कोई व्यक्ति असामान्य रूप से अस्वस्थ, कमजोर महसूस करे या उसे सिरदर्द हो, तो उसे तुरंत किसी ठंडी और छायादार जगह पर ले जाना सबसे अच्छा है। उन्हें पानी, ऑक्सीजन रिफ्लक्स (ORS) आदि उपलब्ध कराएं जिससे उन्हें आराम मिले।"

"दोपहर के समय घर से बाहर न निकलें"

पीएम मोदी ने आगे लिखा, "बच्चों, जब भी संभव हो, इस भीषण गर्मी के दौरान अपने बुज़ुर्ग माता-पिता, दादा-दादी और प्रियजनों को फोन करके उनका हालचाल पूछें। उन्हें याद दिलाएं कि वो पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, दोपहर के समय सबसे गर्म घंटों में घर से बाहर न निकलें और जब भी संभव हो आराम करें।"

"पक्षियों और जानवरों को भी करें याद"

पीएम मोदी ने आगे लिखा, "इस भीषण गर्मी में, आइए हम अपने आसपास के पक्षियों और जानवरों को भी याद करें। अपने घर, बालकनी, छत, दुकान या दफ्तर के बाहर रखा एक छोटा कटोरा पानी किसी प्यासे पक्षी के लिए जीवन रेखा बन सकता है। आशा है कि करुणा इन कठिन दिनों में हमारा मार्गदर्शन करेगी।"

Also Read
View All