राष्ट्रीय

Pradeep Purnekar: शिवसेना नेता की हत्या के बाद भतीजी को जान से मारने की धमकी, मैसेज में लिखा- ‘तुम्हारा अगला नंबर’

Pradeep Purnekar Murder: ठाणे में प्रदीप पूर्णेकर की हत्या के बाद उनकी भतीजी को जान से मारने की धमकी मिली है। मोबाइल पर आए मैसेज में ‘तुम्हारा अगला नंबर’ लिखा है।
2 min read
• •
Oct 17, 2026
Pradeep Purnekar
प्रदीप पूर्णेकर। फाइल फोटो- पत्रिका

Pradeep Purnekar Niece: ठाणे में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के विभाग प्रमुख प्रदीप पूर्णेकर की हत्या के बाद अब उनके परिवार को भी धमकियां मिलने का मामला सामने आया है। पूर्णेकर की भतीजी के मोबाइल पर जान से मारने की धमकी वाला मैसेज आया है। इसमें ‘तुम्हारा अगला नंबर’ जैसी बात लिखी गई है। इस घटना के बाद परिवार के लोग डरे हुए हैं और उन्होंने सुरक्षा देने की मांग की है। बता दें कि प्रदीप पूर्णेकर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

परिवार से मिले मंत्री प्रताप सरनाईक

इसके बाद से ही परिवार आरोपियों को जल्द से जल्द सजा देने और मामले में शामिल अन्य लोगों को गिरफ्तार करने की मांग कर रहा है। अब उनकी भतीजी को धमकी भरा संदेश मिलने से परिवार की चिंता बढ़ गई है। इससे पहले महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने हाल ही में पूर्णेकर परिवार से फोन पर बात की थी। वहीं मंत्री प्रताप सरनाईक ने परिवार के घर पहुंचकर उनसे मुलाकात की और सांत्वना दी। परिवार को पुलिस और सरकार की ओर से न्याय दिलाने का भरोसा दिया गया।

हत्या के बाद ठाणे में सियासी बयानबाजी

प्रदीप पूर्णेकर की हत्या के बाद ठाणे में राजनीतिक विवाद भी तेज हो गया है। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने भी पूर्णेकर परिवार से मुलाकात की थी। इसके बाद परिवार ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से भी मुलाकात की। इस मामले में एकनाथ शिंदे की शिवसेना की पदाधिकारी मीनाक्षी शिंदे और उनके पति पर हत्या से जुड़े आरोप लगाए जा रहे हैं। मामले की जांच जारी है।

प्रताप सरनाईक बोले- परिवार के साथ हैं

मंत्री प्रताप सरनाईक ने परिवार को भरोसा दिलाया कि उनके साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदीप पूर्णेकर की हत्या से सभी दुखी हैं और वे परिवार के साथ खड़े हैं। सरनाईक ने आरोपियों को सख्त सजा देने की मांग करते हुए कहा कि वे इस मामले में परिवार की ओर से वकील खड़े करने के लिए भी तैयार हैं। उन्होंने नाम लिए बिना उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कुछ लोग इस घटना के बाद राजनीतिक लाभ लेने के लिए ठाणे पहुंचे। साथ ही उन्होंने परिवार से एकनाथ शिंदे को लेकर गलतफहमी नहीं रखने की अपील की।

Updated on:
17 Oct 2026 05:38 pm
Published on:
17 Oct 2026 05:38 pm