
Punjab Assembly Elections : चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी रणनीति साफ कर दी है। भाजपा पंजाब प्रभारी और सांसद सतीश पूनिया ने कहा कि पार्टी प्रदेश की सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी और उसका एकमात्र लक्ष्य जीत हासिल करना होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी ताकत और नीतियों के आधार पर चुनाव मैदान में उतरेगी और जीत के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सतीश पूनिया ने कहा कि पंजाब कभी देश का गौरव हुआ करता था। यह प्रदेश अपनी युवा शक्ति, खिलाड़ियों, परंपराओं, शांति, समृद्धि और हरियाली के लिए देश-दुनिया में जाना जाता था। लेकिन नशे की समस्या ने पंजाब को गंभीर नुकसान पहुंचाया है। इससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था के साथ-साथ कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द भी प्रभावित हुआ है।
भाजपा प्रदेश प्रभारी ने कहा कि नशे का बढ़ता प्रचलन पंजाब के सामने बड़ी चुनौती है। उन्होंने युवाओं और सिविल सोसायटी से इस समस्या के खिलाफ एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान को सफल बनाने के लिए समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है।
सतीश पूनिया ने स्पष्ट किया कि भाजपा पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी अपनी नीतियों और संगठन की ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी तथा उसका उद्देश्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि जीत हासिल करना है। पूनिया ने कहा कि पंजाब को फिर से उसकी पुरानी पहचान और गौरव लौटाने के लिए नशे जैसी गंभीर समस्याओं के खिलाफ निर्णायक लड़ाई जरूरी है। इसके लिए युवाओं और समाज को साथ आना होगा।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पंजाब में गठबंधन को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच भाजपा हाईकमान ने प्रदेश इकाई के नेताओं को स्पष्ट संदेश दिया है। पार्टी नेतृत्व ने निर्देश दिया है कि गठबंधन को लेकर कोई आधिकारिक फैसला सार्वजनिक होने तक कोई भी नेता अपनी ओर से बयानबाजी नहीं करेगा। पार्टी नेताओं को मीडिया के सवालों और सार्वजनिक मंचों पर भाजपा के आधिकारिक रुख पर ही कायम रहने को कहा गया है।
हाल ही में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने पंजाब दौरे के दौरान वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक में भी यही रणनीति दोहराई थी। वहीं, शिरोमणि अकाली दल (SAD) प्रमुख सुखबीर सिंह बादल की दिल्ली में केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकात की खबरों के बीच पंजाब प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों को दिल्ली बुलाया गया था। बताया गया कि उन्हें मीडिया के सामने पार्टी की तय लाइन से अलग कोई टिप्पणी नहीं करने की हिदायत दी गई।
बीएल संतोष की मौजूदगी में प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, एच.एस. फूल्का और सांसद विक्रमजीत सिंह साहनी की ओर से की गई प्रेस वार्ता में भी पार्टी की इसी रणनीति को दोहराया गया। भाजपा लगातार यह संदेश दे रही है कि गठबंधन को लेकर अंतिम फैसला होने तक पंजाब में सभी 117 सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ने की तैयारी जारी रहेगी।