
पंजाब के मंत्री तरुणप्रीत सिंह का दावा, चुनाव में बीजेपी की हार तय, photo credit: x.com
Punjab Assembly Election 2027: पंजाब के कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह ने दावा किया है कि आगामी विधानसभा चुनाव में बीजेपी को एक भी सीट नहीं मिलेगी। उन्होंने शिरोमणि अकाली दल के साथ राज्य के विधानसभा चुनावों में BJP के 'बड़े भाई' की भूमिका निभाने की खबरों पर यह प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि चाहे वह बड़े भाई की भूमिका निभाए या छोटे भाई की, चाहे वे 117 सीटों पर चुनाव लड़ें या 17 सीटों पर, पंजाब में BJP का खाता भी नहीं खुलेगा।
पंजाब के कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह ने कहा, "मैं आपको यह पहले ही बता देता हूं, इसके पीछे बहुत बड़ी वजह है।" उन्होंने इसके पीछे किसानों और महिलाओं के प्रति बीजेपी के कथित रुख और किसान आंदोलन के दौरान पैदा हुए असंतोष का हवाला दिया है।
उन्होंने कहा, "बीजेपी ने बीते डेढ़ साल तक हमारे किसानों, हमारी माताओं और बहनों के साथ बहुत बुरा बर्ताव किया। किसान आंदोलन में हमारे लगभग 700 किसान शहीद हो गए। BJP किस मुंह से यह सोच रही है कि अगर वह पंजाब में कहीं भी कदम रखेगी, तो उसे चुनाव में कोई सीट मिल जाएगी। पंजाब की जनता उन्हें नकार देगी।"
पंजाब के कैबिनेट मंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है, जब बीजेपी ने आगामी 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों के मद्देनजर सभी 117 सीटों पर अकेले दम पर चुनाव लड़ने और अपनी तैयारी तेज करने का ऐलान किया है। भाजपा के संगठन महामंत्री बीएल संतोष मंगलवार को लुधियाना, जालंधर और अमृतसर जाने वाले हैं। इसके अलावा राज्य के महासचिवों के साथ भी वह अमृतसर में एक मीटिंग करेंगे।
पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने बीजेपी की ओर से पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर की गई घोषणा पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि एक तरफ बीजेपी अकाली दल के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ना चाहती है, तो वहीं दूसरी तरफ सभी 117 सीटों पर अकेले ही लड़ने का बयान भी दे रही है। यानी बीजेपी में अब तक भ्रम की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी ऐसा इसलिए कर रही है, ताकि उसके कार्यकर्ता किसी तरह पार्टी के साथ जुड़े रहें और पार्टी छोड़कर न जाएं।
Updated on:
25 Aug 2026 03:49 pm
Published on:
25 Aug 2026 03:47 pm
