राष्ट्रीय

पंजाब में परविंदर सिंह झोटा की हत्या पर BJP का हमला, CM भगवंत मान से मांगा इस्तीफा

पंजाब के मानसा में नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर झोटा की हत्या के बाद भाजपा ने AAP सरकार पर निशाना साधा है। पंजाब BJP अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए मामले की CBI जांच और मुख्यमंत्री भगवंत मान के इस्तीफे की मांग की।
2 min read
• •
Oct 14, 2026
Punjab BJP President Kewal Singh Dhillon
BJP प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लो ने आप सरकार पर साधा निशाना (Photo-IANS)

Parwinder Jhota Murder: पंजाब के मानसा में नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। घटना को लेकर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान के इस्तीफे की मांग की है। बीजेपी ने मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से कराने की मांग भी उठाई है।

‘नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले कार्यकर्ता की हत्या’

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि परविंदर सिंह झोटा नशे के खिलाफ अभियान चला रहे थे। बीजेपी नेता ने कहा कि घटना के समय परविंदर एक ऐसी केमिस्ट की दुकान के बाहर मौजूद थे, जहां कथित तौर पर नशीले पदार्थों की बिक्री होती थी। ढिल्लों का दावा है कि परविंदर ने वहां एक व्यक्ति को नशीले पदार्थ खरीदते हुए पकड़ा था, जिसके बाद उन्हें गोली मार दी गई।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब में आए दिन गोलीबारी और हत्या की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है और नशे का कारोबार सबसे बड़ी समस्याओं में से एक बन गया है।

परविंदर के पिता के आरोपों का हवाला, CBI जांच की मांग

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने दावा किया कि परविंदर सिंह झोटा के पिता ने हत्या के बाद स्थानीय विधायक की कथित मिलीभगत का आरोप लगाया था। भाजपा अध्यक्ष के अनुसार, उन्होंने इस मामले में राज्यपाल को पत्र लिखकर जांच CBI को सौंपने की मांग की है।

उन्होंने बताया कि भाजपा पंजाब के सभी जिलों में विरोध प्रदर्शन कर रही है। पार्टी का कहना है कि नशे के कारोबार और उससे जुड़ी घटनाओं की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

पुलिसकर्मी के पास 15 किलो हेरोइन मिलने का दावा

केवल सिंह ढिल्लों ने दावा किया कि बुधवार सुबह BSF के जवानों ने पंजाब पुलिस के एक अधिकारी को 15 किलोग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी वीआईपी काफिले में ड्यूटी पर था। ढिल्लों ने इस घटना का हवाला देते हुए पंजाब पुलिस के कुछ कर्मियों पर नशे के कारोबार को बढ़ावा देने में शामिल होने का आरोप लगाया।

अमृतसर और मोहाली की घटनाओं का भी किया जिक्र

भाजपा अध्यक्ष ने पंजाब में हालिया गोलीबारी की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि अमृतसर में यस बैंक के एक मैनेजर को गोली मारी गई, जबकि मोहाली में एक घर के अंदर गोलीबारी की घटना सामने आई। उन्होंने इन घटनाओं को राज्य की कानून-व्यवस्था से जोड़ते हुए सरकार की जवाबदेही पर सवाल उठाए।

ढिल्लों ने कहा कि पंजाब में नशे की समस्या, गैंगस्टर गतिविधियों और गोलीबारी की घटनाओं पर रोक लगाने की जरूरत है। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान, जिनके पास गृह विभाग की जिम्मेदारी भी है, से इस्तीफा देने की मांग की।

नशे के खिलाफ भाजपा के अभियान का भी किया जिक्र

केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि भाजपा ने पंजाब में नशे के खिलाफ बड़े स्तर पर अभियान चलाया था। उनके अनुसार, अभियान की शुरुआत चार अलग-अलग दिशाओं से की गई और इसका समापन जालंधर में हुआ, जहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया था।

ढिल्लों ने दावा किया कि अमित शाह ने पंजाब के लोगों को भरोसा दिलाया था कि भाजपा नशे की समस्या को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का भी जिक्र किया और कहा कि प्रधानमंत्री देश से नशे को पूरी तरह खत्म करने की प्रतिबद्धता जता चुके हैं।

Updated on:
14 Oct 2026 03:42 pm
Published on:
14 Oct 2026 03:23 pm