
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भाजपा और पार्टी के बड़े नेताओं पर फिर करारा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कल रात को चैन की नींद नहीं सो पा रहे हैं। उसकी कई वजह है। हम इनको अभी और परेशान करेंगे।
साथ ही राहुल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा- अमित शाह को कभी चाणक्य और सरदार पटेल कहा जाता था, वे अब संसद भवन तक में घुसने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे। आखिर वे कहां गायब हैं?
राहुल गांधी ने खुलकर कहा कि विपक्ष का काम अब बहुत आसान हो गया है। वे सत्ता पक्ष को पागल कर देंगे। उन्होंने आगे कहा कि पहली बार सत्ता पक्ष को भारत की असली आवाज महसूस हो रही है। यही वजह है कि अमित शाह संसद में नजर नहीं आ रहे।
राहुल ने कहा कि पहले अमित शाह को रणनीतिकार और मजबूत नेता बताया जाता था। अब उनका नाम लेने वाले भी कम पड़ गए हैं। यह बयान ऐसे समय में आया है जब विपक्ष संसद में सरकार को घेरने की हर कोशिश में जुटा है।
राहुल गांधी ने कहा कि देश की जनता अब अपनी बात खुलकर रख रही है। सत्ता पक्ष इस दबाव को झेल नहीं पा रहा। पीएम मोदी को रात भर नींद नहीं आ रही। अमित शाह कहां गायब हो गए हैं? किसी को पता नहीं है।
कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा- अगर आप जंतर-मंतर पर हो रही घटनाओं को देखें, तो छात्र अपनी बात रखना चाहते थे। वे तकलीफ में थे और अपनी बात कहना चाहते थे, लेकिन सरकार ने मना कर दिया। उन्होंने आगे कहा- सरकार कहती है कि हम जंतर-मंतर पर व्यवस्था बनाए रखेंगे, लेकिन आप अपनी बात नहीं रख सकते।
राहुल गांधी ने कहा- आज एक महिला मेरे पास आई, जिसकी बेटी के साथ चार साल पहले उत्तराखंड में रेप हुआ था और उसकी हत्या कर दी गई थी। वह रो रही थी, अपनी बात कहने की कोशिश कर रही थी, लेकिन सिस्टम कहता है- माफ कीजिए, हम आपको अपनी बात कहने की इजाजत नहीं देंगे क्योंकि इससे अव्यवस्था फैलेगी।
उन्होंने आगे कहा- उनका (सरकार का) काम और उनकी राजनीतिक सोच भारत पर एक ऐसी व्यवस्था थोपना है, जिससे उन्हें और कुछ खास लोगों को फ़ायदा हो। और हमारा काम भारत को अपनी बात कहने का मौका देना और उस व्यवस्था को तोड़ना है।