राष्ट्रीय

कृति सेनन के आउटफिट पर बवाल, राहुल गांधी बोले- ‘महिलाओं को ट्रोल करना बंद करें’

रक्षाबंधन के एक विज्ञापन को लेकर कृति सेनन विवादों में हैं। ड्रेस पर उठे सवालों के बीच राहुल गांधी ने उनका समर्थन करते हुए कहा कि महिलाओं को क्या पहनना है, यह उनकी पसंद है। वहीं, BJP सांसद कंगना रनौत ने विज्ञापन की स्टाइलिंग पर सवाल उठाए।
2 min read
Aug 25, 2026
Kriti Sanon Advertisement Controversy
कृति सेनन के आउटफिट पर राहुल गांधी बोले,महिलाओं को ट्रोल करना बंद करें, photo credit: INAS

Kriti Sanon Raksha Bandhan Ad: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को रक्षाबंधन के एक विज्ञापन में पहनी गई ड्रेस की आलोचना के बीच एक्ट्रेस कृति सेनन का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि, "महिलाएं क्या पहनती हैं, यह उनकी पसंद है।" इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में राहुल गांधी ने कहा, "महिला क्या पहनती है, क्या करती है और कहां जाती है- यह उसकी अपनी पसंद है। उन्होंने कहा, "महिलाओं को उनकी आजादी का इस्तेमाल करने के लिए ट्रोल करना बंद करें।

रक्षाबंधन के एक कैंपेन से विवाद

कृति सेनन ने रक्षाबंधन से पहले जारी अपने ज्वेलरी विज्ञापन की आलोचना का जवाब दिया। राहुल गांधी ने कहा कि, महिलाओं को उनकी आजादी का इस्तेमाल करने के लिए ट्रोल करना बंद करें। इस कैंपेन में एक्ट्रेस कृति सेनन इंडो-वेस्टर्न आउटफिट में दिखाई दे रही हैं।

इंस्टाग्राम पोस्ट में विवाद पर बात करते हुए कृति सेनन ने पहले कपड़ों के आधार पर किसी महिला के संस्कृति के प्रति सम्मान को लेकर सवाल उठाया था। उन्होंने कहा, "त्योहारों का असली मतलब आपके पहने हुए कपड़ों से नहीं, बल्कि परंपराओं के प्रति आपकी भावनाओं और उनके अर्थ में होता है। मैं और मेरी बहन एक-दूसरे को राखी बांधते हैं। हम जानते हैं कि हम एक-दूसरे की सुरक्षा वैसे ही कर सकते हैं, जैसे कोई भाई करता है।"

उन्होंने महिलाओं के कपड़ों को लेकर होने वाली आलोचना पर भी सवाल उठाया। सेनन ने कहा, "और हम महिलाओं को यह बताना कब बंद करेंगे कि उन्हें क्या पहनना चाहिए? उन्होंने आगे कहा, एथनिक फैशन में सालों में काफी बदलाव आया है, लेकिन फिर भी एक महिला का अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान सिर्फ उसके कपड़ों से तय किया जाता है।

सांसद कंगना रनौत ने भी की आलोचना

एक्ट्रेस और BJP सांसद कंगना रनौत ने भी एक इंस्टाग्राम स्टोरी में कृति की आलोचना की और विज्ञापन की स्टाइलिंग पर सवाल उठाए। कंगना ने पोस्ट में लिखा, महिला होने के लिए यह एक शानदार समय है। हमारी अलमारियां तरह-तरह के कपड़ों से भरी हैं। आज की महिला एक ग्लोबल महिला है। उन्होंने आगे कहा, कॉकटेल ड्रेस से लेकर लहंगा-चोली, जींस से लेकर साड़ी, सलवार-कमीज तक- आज हमारे पास इतने सारे विकल्प मौजूद हैं। आपके स्टाइलिंग के सारे विकल्प कहां गए? यह विज्ञापन जानबूझकर ऐसा बनाया गया लगता है।

Updated on:
25 Aug 2026 09:49 pm
Published on:
25 Aug 2026 09:37 pm