राष्ट्रीय

‘भूपेंद्र पटेल को परमिशन, मुझे क्यों नहीं?’, वाइब्रेंट गुजरात और तेलंगाना राइजिंग की तुलना कर मोदी सरकार पर बरसे रेवंत रेड्डी

रेवंत रेड्डी ने अमेरिका दौरे की मंजूरी नहीं मिलने पर सवाल उठाया। भूपेंद्र पटेल के US-कनाडा दौरे की तुलना करते हुए केंद्र से पूछा- मुझे अनुमति क्यों नहीं?
2 min read
Aug 24, 2026
Revanth Reddy US Visit, Revanth Reddy America Visit, Revanth Reddy Political Clearance, Bhupendra Patel US Canada Visit, Revanth Reddy PM Modi, Telangana Rising 2047, Vibrant Gujarat 2047, Telangana CM Revanth Reddy, Gujarat CM Bhupendra Patel,
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी (फाइल फोटो - एएनआई)

Revanth Reddy US Visit: अमेरिका दौरे की अनुमति नहीं मिलने को लेकर तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल किया कि अगर उनके अमेरिका दौरे में कुछ भी राजनीतिक नहीं था तो उन्हें इंग्लैंड जाने की अनुमति क्यों दी गई, जबकि अमेरिका जाने से रोक दिया गया?

रेवंत रेड्डी ने कहा कि विदेश मंत्रालय ने उनके दौरे के प्रस्ताव की जांच करने के बाद राजनीतिक मंजूरी देने से इनकार कर दिया। उन्होंने इस फैसले पर सवाल उठाते हुए गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के अमेरिका और कनाडा दौरे का भी जिक्र किया।

भूपेंद्र पटेल को US-कनाडा जाने की अनुमति क्यों?

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने पूछा कि 17 से 24 अगस्त के बीच भूपेंद्र पटेल को अमेरिका और कनाडा जाने की अनुमति कैसे मिल गई जबकि उनके प्रस्तावित अमेरिका दौरे को मंजूरी नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि भूपेंद्र पटेल का दौरा 'वाइब्रेंट गुजरात 2047' के तहत निवेश आकर्षित करने के लिए था। वहीं, उनका प्रस्तावित अमेरिका दौरा 'तेलंगाना राइजिंग 2047' के तहत था।

रेवंत रेड्डी ने दोनों कार्यक्रमों की तुलना करते हुए केंद्र के फैसले पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि अगर दोनों दौरों का मकसद निवेश आकर्षित करना और राज्य के हित में काम करना था तो उनके दौरे को मंजूरी क्यों नहीं दी गई?

मेरे दौरे में क्या राजनीतिक था?

रेवंत रेड्डी ने प्रधानमंत्री मोदी से सीधे सवाल करते हुए कहा कि अगर उनके विदेश दौरे में कोई राजनीतिक पहलू नहीं था तो अमेरिका जाने की अनुमति क्यों नहीं दी गई। उन्होंने यह भी सवाल किया कि इंग्लैंड जाने की अनुमति दी गई, लेकिन अमेरिका जाने से क्यों रोका गया?

मुख्यमंत्री ने इससे पहले भी केंद्र पर तेलंगाना के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि अमेरिका दौरे की मंजूरी नहीं देना राज्य के लोगों का अपमान है और इस मुद्दे को संसद में उठाया जाएगा।

विदेश मंत्रालय ने क्या कहा था?

विदेश मंत्रालय ने रेवंत रेड्डी के अमेरिका दौरे को राजनीतिक मंजूरी नहीं देने की वजह बताते हुए कहा था कि प्रस्तावित कार्यक्रम उनके पद और यात्रा के उद्देश्य के अनुरूप नहीं था। मंत्रालय के मुताबिक, मुख्यमंत्रियों और दूसरे वरिष्ठ लोगों के विदेश दौरों के प्रस्तावों की राजनीतिक मंजूरी देने से पहले समीक्षा की जाती है। रेवंत रेड्डी के अमेरिका दौरे के मामले में प्रस्तावित कार्यक्रम को उचित नहीं पाया गया, इसलिए मंजूरी नहीं दी गई।

Updated on:
24 Aug 2026 05:50 pm
Published on:
24 Aug 2026 05:50 pm
Also Read
View All