राष्ट्रीय

‘सुखबीर बादल पर हमला सिख धर्म और हिंदू-सिख एकता पर प्रहार है’, अकाली दल नेता संजीव तलवार का बड़ा बयान

सुखबीर सिंह बादल पर हमले को अकाली दल नेता संजीव तलवार ने सिख धर्म और हिंदू-सिख एकता पर प्रहार बताया। उन्होंने हमले के पीछे साजिश की आशंका जताई।
2 min read
Aug 13, 2026
Sukhbir Singh Badal, Sukhbir Badal Attack, Sukhbir Singh Badal Attack News, Sanjeev Talwar, Shiromani Akali Dal, SAD News, Punjab News,
संजीव तलवार (फोटो - आईएएनएस)

Sukhbir Singh Badal Attack: शिरोमणि अकाली दल के नेता और पंजाब कोर कमेटी के सदस्य संजीव तलवार ने सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि सुखबीर बादल पर उस समय हमला हुआ, जब वह धार्मिक स्थल पर माथा टेकने जा रहे थे। यह सिर्फ एक व्यक्ति पर हमला नहीं, बल्कि सिख धर्म और हिंदू-सिख एकता पर प्रहार है। तलवार ने कहा कि सुखबीर सिंह बादल पंजाब में हिंदू-सिख एकता की बात करते हैं। ऐसे में उन पर हमला गंभीर चिंता का विषय है।

यह सिख धर्म पर सीधा हमला

संजीव तलवार ने कहा कि सुखबीर बादल अपने धर्म के मुताबिक माथा टेकने जा रहे थे। वह ऐसी जगह पर थे जहां सभी लोग बराबर होते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में हमला होना सिख धर्म पर सीधा हमला है। उन्होंने इसे पंजाब के लिए भी गंभीर मामला बताया है।

सुखबीर बादल हिंदू-सिख एकता की बात करते हैं

अकाली दल नेता ने कहा कि सुखबीर बादल पंजाब में हिंदू-सिख एकता का नारा उठाते रहे हैं। इसी वजह से हमले को सिर्फ एक व्यक्ति को निशाना बनाए जाने के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए। तलवार ने आशंका जताई कि इसके पीछे ऐसे लोग हो सकते हैं जो पंजाब को फिर 1984 की ओर ले जाना चाहते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अभी हमले के पीछे कौन था, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।

हमलावर कौन थे, अभी पता नहीं

तलवार ने बताया कि अकाली दल के नेताओं ने सुखबीर सिंह बादल से संपर्क करने की कोशिश की लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि सुखबीर बादल घायल हुए हैं और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। हमले में कौन लोग शामिल थे और कोई दूसरा व्यक्ति घायल हुआ या नहीं, इसकी जानकारी अभी साफ नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पिछले हमले का भी किया जिक्र

संजीव तलवार ने सुखबीर सिंह बादल पर पहले हुए हमले का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस समय भी इसे सरकार की व्यवस्था की नाकामी बताया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि उस हमले के पीछे कुछ सरकारी अधिकारियों की साजिश थी। तलवार ने कहा कि उस समय भी भगवान ने सुखबीर बादल की रक्षा की थी और इस बार भी उनकी जान बच गई। उन्होंने कहा कि सुखबीर बादल धार्मिक स्थल पर सच्चे मन से माथा टेकने गए थे। अकाली दल नेता ने इस घटना को लेकर पुलिस से पूरी जानकारी सामने लाने की मांग की है।

Updated on:
13 Aug 2026 04:53 pm
Published on:
13 Aug 2026 04:26 pm
Also Read
View All