
सदन में बोलते हुए सीएम विजय ने कहा कि पुलिस को अच्छे लोगों की दोस्त और अपराधियों की दुश्मन होना चाहिए। सीएम ने कहा कि सभी के लिए कानून बराबर है। अपराध करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, चाहे वह किसी भी राजनीतिक दल से संबंध रखता हो।
सीएम विजय ने कहा कि पुलिस को सत्ता या प्रभाव का केंद्र बनने के बजाय जनता की सुरक्षा करने वाली संस्था के रूप में काम करना चाहिए। पिछले तीन महीनों में सामने आए अपराधों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ये घटनाएं अचानक नहीं हुईं, बल्कि इनमें पुरानी दुश्मनी और बदले की भावना जैसे कारण सामने आए हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य में नशे की संस्कृति को खत्म करना उनकी प्राथमिकता है। विजय ने बताया कि कोयंबटूर के एक कॉलेज में छात्र की हत्या के मामले में अब तक 36 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
इस दौरान सीएम विजय ने कहा कि तमिलनाडु सरकार भ्रष्टाचार को लेकर 'जीरो टॉलरेंस' की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य के सभी 37 जिलों में एंटी-ड्रग स्क्वॉड बनाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि चेन्नई में पिछले तीन महीनों के दौरान एनडीपीएस एक्ट के तहत 330 मामले दर्ज किए गए और 556 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाले अपराधों के पीछे कई कारण होते हैं। सरकार का लक्ष्य अपराध होने के बाद कार्रवाई करने के साथ-साथ उन्हें पहले ही रोकना है।
उन्होंने बताया कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों की रोकथाम के लिए सरकार ने 'सिंगप्पेन स्पेशल फोर्स' का गठन किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने और राज्य में अपराध पर लगाम लगाने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।