राष्ट्रीय

तमिलनाडु विधानसभा में NEET के खिलाफ प्रस्ताव पारित, DMK ने दिया समर्थन; BJP ने किया वॉकआउट

Tamil Nadu Assembly NEET Resolution: तमिलनाडु विधानसभा ने NEET समाप्त करने की मांग वाला प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया। DMK, AIADMK, कांग्रेस समेत कई दलों ने समर्थन किया, जबकि बीजेपी विधायक ने विरोध करते हुए वॉकआउट किया।
2 min read
Aug 11, 2026
Tamil Nadu Politics
तमिलनाडु में नीट को समाप्त करने वाला प्रस्ताव हुआ पारित (Photo-IANS)

Tamil Nadu NEET Abolition Resolution: तमिलनाडु विधानसभा में मंगलवार को नीट को समाप्त करने की मांग वाला प्रस्ताव पारित हो गया है। इस प्रस्ताव का एमके स्टालिन की पार्टी DMK के साथ AIADMK, कांग्रेस समेत अन्य छोटे दलों ने समर्थन किया है। हालांकि बीजेपी के एकमात्र विधायक ने इस प्रस्ताव का विरोध किया और सदन से वॉकआउट कर दिया। सरकार की ओर से सदन में स्वास्थ्य मंत्री के. अरुणराज ने विधानसभा में NEET को समाप्त करने का प्रस्ताव पेश किया। उन्होंने कहा कि नीट सामाजिक न्याय, समानता और राज्यों के अधिकारों के खिलाफ है। 

मंत्री ने कहा कि राज्य में स्नातक चिकित्सा पाठ्यक्रमों (MBBS आदि) में दाखिले के लिए NEET की अनिवार्यता खत्म करने हेतु संबंधित केंद्रीय कानूनों में संशोधन किया जाना चाहिए।

ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों पर असर का दावा

बता दें कि तमिलनाडु सरकार लंबे समय से नीट का विरोध करती है। इसको लेकर कई बार सरकार ने तर्क भी दिया है। सरकार का कहना है कि यह परीक्षा ग्रामीण इलाकों, आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों और खासकर तमिल माध्यम से पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए नुकसानदेह है।

सरकार का तर्क है कि NEET की तैयारी के लिए महंगे निजी कोचिंग संस्थानों पर निर्भरता बढ़ रही है। 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद छात्रों पर एक ही प्रवेश परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने का भारी दबाव रहता है।

तमिलनाडु सरकार ने प्रस्ताव दिया है कि राज्य में स्नातक चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर किया जाए।

नीट के समर्थन में बीजेपी ने क्या कहा? 

वहीं सदन में सरकार के प्रस्ताव का बीजेपी विधायक एम. भोजराजन ने विरोध किया। उन्होंने कहा कि नीट प्रदेश के छात्रों के लिए अवसर और उम्मीद लेकर आया है। उन्होंने कहा कि NEET तमिलनाडु के लोगों के लिए प्रोत्साहन है। इससे उम्मीद है कि भविष्य बेहतर होगा।

'सरकार को मुफ्त कोचिंग की व्यवस्था करनी चाहिए'

बीजेपी विधायक ने कहा कि छात्रों को NEET की तैयारी के लिए केवल आर्थिक रूप से सक्षम निजी संस्थानों या महंगे कोचिंग सेंटरों पर निर्भर नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को छात्रों के लिए विशेष योजना शुरू करनी चाहिए और सरकारी स्तर पर कोचिंग की व्यवस्था करनी चाहिए।

इसके बाद भोजराजन ने विधानसभा में होने वाले मतदान में हिस्सा नहीं लेने की घोषणा की और सदन से वॉकआउट कर दिया।

AIADMK ने भी किया प्रस्ताव का समर्थन

विधानसभा में AIADMK ने भी NEET के खिलाफ सरकार के प्रस्ताव का समर्थन किया। AIADMK विधायक ओ.एस. मणियन ने कहा कि उनकी पार्टी NEET के विरोध की अपनी नीति पर कायम है। DMK विधायक मुथुराजा ने भी कहा कि उनकी पार्टी इस प्रस्ताव के साथ खड़ी है।

Updated on:
11 Aug 2026 03:31 pm
Published on:
11 Aug 2026 03:31 pm