राष्ट्रीय

तमिलनाडु: करूर में बस बॉडी-बिल्डिंग यूनिट में लगी भीषण आग, 3 बसें जलकर खाक

Tamilnadu News: तमिलनाडु के करूर में कोयंबटूर रोड पर स्थित 'भीमा कोच' बस बॉडी-बिल्डिंग यूनिट में भीषण आग लग गई। हादसे में 3 बसें जलकर खाक हो गई। जानें पूरी खबर...
2 min read
Three buses gutted in Karur fire
निजी बस बॉडी-बिल्डिंग यूनिट में लगी आग (Photo- Social)

Bus Factory Accident: तमिलनाडु के करूर जिले में एक निजी बस बॉडी-बिल्डिंग यूनिट में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। यह घटना करूर-कोयंबटूर रोड स्थित गोविंदमपालयम इलाके में मौजूद भीमा कोच नामक निजी बस बॉडी-बिल्डिंग यूनिट में हुई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते परिसर में खड़ी तीन बसें उसकी चपेट में आ गईं और पूरी तरह जल गईं। आग की ऊंची-ऊंची लपटों को देख वहां काम कर रहे कर्मचारियों में भगदड़ मच गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार काफी दूर से दिखाई दे रहा था, जिससे इलाके में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया।

आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम तुरंत घटना स्थल पर पहुंची। आग की तीव्रता को देखते हुए दमकल कर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभाला और आग को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया। दमकल विभाग ने दो फायर टेंडर के साथ राहत-बचाव अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और उसे आसपास के हिस्सों में फैलने से रोक दिया। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से बड़ा हादसा टल गया।

किसी के हताहत की खबर नहीं

बॉडी-बिल्डिंग यूनिट में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। ऐसे में राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने या झुलसने की सूचना नहीं है। हालांकि आग की वजह से तीन बसें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं, जिससे भारी रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

आग लगने के कारणों का नहीं चला पता

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी की वजह से आग लगी हो सकती है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

फायर सेफ्टी पर उठे सवाल

आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चला है, लेकिन इस घटना के बाद औद्योगिक और वाहन निर्माण इकाइयों में अग्नि सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। जांच में यह भी देखा जा सकता है कि यूनिट में अग्निशमन से जुड़े सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।

Updated on:
12 Jul 2026 12:41 pm
Published on:
12 Jul 2026 11:14 am