
Tamil Nadu Politics: तमिलनाडु की सियासत में सीएम विजय की पार्टी टीवीके (TVK) और उसके सहयोगी दलों के बीच गठबंधन को औपचारिक रूप देने की कवायद तेज हो गई है। 9 सितंबर को चेन्नई में गठबंधन सहयोगियों की दूसरी बैठक होने जा रही है। बैठक में साझा राजनीतिक मोर्चे को औपचारिक नाम देने और आगे की रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है। यह बैठक ऐसे समय हो रही है, जब TVK के भीतर पार्टी प्रमुख और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय को 2029 के लोकसभा चुनाव में विपक्ष का प्रधानमंत्री पद का चेहरा बनाने की मांग को लेकर कांग्रेस के साथ मतभेद खुलकर सामने आ चुके हैं।
TVK ने सहयोगी दलों के साथ पहली बैठक 1 जुलाई को कोवलम में बुलाई थी। उस बैठक में कांग्रेस, वीसीके, आईयूएमएल और अन्य सहयोगी दलों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया था। हालांकि, सीपीआई और सीपीएम ने उस बैठक से दूरी बनाए रखी थी और खुद को सरकार को बाहर से समर्थन देने वाला बताया था। अब 9 सितंबर की बैठक में TVK की ओर से राजनीतिक मोर्चे को औपचारिक रूप देने और उसे एक नाम देने की कोशिश की जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कांग्रेस और वाम दलों समेत सहयोगी दलों से बैठक में शामिल होने को लेकर संपर्क किया जा रहा है।
हालांकि, सीपीआई और सीपीएम की बैठक में शामिल होने को लेकर स्थिति पूरी तरह साफ नहीं है। दोनों दल पहले भी TVK सरकार को बाहर से समर्थन देने और औपचारिक गठबंधन का हिस्सा नहीं बनने की बात कह चुके हैं।
9 सितंबर की बैठक की अहमियत इसलिए भी बढ़ गई है क्योंकि TVK के कुछ विधायक और नेता विजय को 2029 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री पद के लिए विपक्ष का चेहरा बनाने की मांग कर रहे हैं। TVK विधायक कनिमोझी ने सार्वजनिक तौर पर कहा था कि 2029 में विजय पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे। उन्होंने यह भी दावा किया था कि देश का अगला प्रधानमंत्री कौन बनेगा, इसका फैसला दिल्ली नहीं बल्कि तमिलनाडु करेगा। TVK के अन्य नेताओं, जिनमें रानीपेट की विधायक आई. ताहिरा और मंत्री आर. निर्मल कुमार भी शामिल हैं, ने विजय की राष्ट्रीय राजनीति में बड़ी भूमिका की वकालत की है।
TVK नेताओं के इन बयानों पर कांग्रेस ने असहमति जताई है। कांग्रेस की ओर से साफ कहा गया है कि 2029 में प्रधानमंत्री पद के लिए राहुल गांधी ही उसकी पसंद हैं। तमिलनाडु कांग्रेस विधायक दल की नेता थरहाई कथबर्ट ने विजय को प्रधानमंत्री पद का चेहरा बनाने की मांग को कुछ नए TVK विधायकों की व्यक्तिगत सोच बताया। वहीं, तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मणिकम टैगोर ने इन बयानों को मुद्दे से ध्यान भटकाने की कोशिश बताया और कहा कि प्रधानमंत्री कौन बनेगा, इसका फैसला आखिरकार मतदाता करेंगे।
TVK औपचारिक तौर पर INDIA ब्लॉक का हिस्सा नहीं है। हालांकि, तमिलनाडु में कांग्रेस उसके साथ सरकार में शामिल है। यही स्थिति राज्य और राष्ट्रीय राजनीति के बीच एक दिलचस्प समीकरण पैदा करती है। तमिलनाडु में कांग्रेस और TVK सत्ता में एक साथ हैं, लेकिन 2029 के लोकसभा चुनाव में विपक्ष का नेतृत्व किसके हाथ में होगा, इस सवाल पर दोनों दलों की राय अलग है। एक तरफ TVK के नेता विजय को आगे बढ़ाने की बात कर रहे हैं, तो कांग्रेस राहुल गांधी को अपनी पसंद बता रही है।