नई दिल्ली

दिल्ली के साकेत में 4 मंजिला इमारत गिरने से 4 की मौत, 10 घायल; मलबे में दबे थे मेडिकल स्टूडेंट्स

Delhi Building Collapse News: दक्षिण दिल्ली के साकेत मेट्रो स्टेशन के पास चार मंजिला इमारत अचानक ढह गई, जिससे चार लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। एनडीआरएफ, दमकल और अन्य बचाव एजेंसियां मलबे में फंसे लोगों की तलाश में लगातार राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं।
2 min read
collapses Delhi Saket
IANS फोटो

Building collapses Delhi Saket: दक्षिण दिल्ली के साकेत मेट्रो स्टेशन के पास शनिवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। दरअसल, यहां पर चार मंजिला मकान अचानक भर-भराकर गिर गया, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई है, जबकि तीन महिलाओं सहित दस अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। रविवार सुबह तक आपदा प्रबंधन और बचाव दलों ने मलबे से कुल 14 लोगों को बाहर निकाला, जिन्हें तुरंत AIIMS ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार को मृत घोषित कर दिया। मलबे में कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका के चलते राहत और बचाव कार्य अभी भी युद्ध स्तर पर जारी है।

कोचिंग और मेस चलाने वाले छात्र बने हादसे का शिकार

इस घटना को लेकर पुलिस के द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस हादसे में सबसे ज्यादा मेडिकल के छात्र शामिल हैं, जो यहां पर रहकर तैयारी कर रहे थे। बता दें कि इस चार मंजिला इमारत में मेडिकल छात्रों के लिए एक कोचिंग सेंटर संचालित हो रहा था, जबकि इसकी पांचवीं मंजिल पर अवैध रूप से निर्माण कार्य चल रहा था।

खाने खाते समय गिरा मकान

हादसे के वक्त पास के ही एक खाली प्लॉट में बने अस्थायी किचन (मेस) में कई छात्र खाना खा रहे थे। तभी मुख्य इमारत का भारी-भरकम मलबा उस किचन पर जा गिरा, जिससे वहां मौजूद छात्र मलबे के नीचे बुरी तरह दब गए। मृतकों में से एक की पहचान 26 वर्षीय रवि के रूप में हुई है। वहीं, घायलों में गुरुग्राम के तरुण कुमार, बिहार की सायका खान, नोएडा के क्षितिज प्रताप और साकेत व सैदुल्लाजाब के अन्य छात्र (नीलम यादव, आदित्य शर्मा, अनुज दीक्षित, आस्था और विशाल) शामिल हैं।

मकान मालिक हिरासत में, जांच जारी

यह पूरी तरह से एक कमर्शियल प्रॉपर्टी थी, जिसकी पहली और दूसरी मंजिल पर कई निजी दफ्तर भी चल रहे थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस लापरवाही को लेकर संबंधित धाराओं में एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली गई है और इमारत के मालिक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

शनिवार शाम को घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से करीब 12 लोगों को सुरक्षित निकाला गया था। फिलहाल दिल्ली फायर सर्विस (DFS), नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (NDRF), दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर डटी हुई हैं।

युद्ध स्तर पर जारी है रेस्क्यू ऑपरेशन- CM

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस हादसे पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि साकेत मेट्रो स्टेशन के पास हुए इस हादसे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट कर जानकारी दी।

'एनडीआरएफ, दिल्ली फायर सर्विसेज, दिल्ली पुलिस, डीडीएमए, एमसीडी, कैट्स (CATS) और सिविल डिफेंस की टीमें युद्ध स्तर पर बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। स्थिति पर लगातार पैनी नजर रखी जा रही है। हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता हर नागरिक की सुरक्षा और प्रभावित परिवारों को तुरंत सहायता पहुंचाना है।'

Updated on:
31 May 2026 01:59 pm
Published on:
31 May 2026 01:59 pm