
BRICS Summit 2026 Delhi Central Govt Offices Closed: राजधानी दिल्ली में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की तैयारियों के बीच केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। दिल्ली और नई दिल्ली क्षेत्र में स्थित सभी केंद्रीय सरकारी कार्यालय 11 सितंबर 2026, शुक्रवार को बंद रहेंगे। सरकार ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। सरकार के मुताबिक, ब्रिक्स बिजनेस फोरम और 18वां ब्रिक्स लीडर्स समिट 11 से 13 सितंबर तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होना है। इस बड़े अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम के लिए सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को देखते हुए केंद्रीय कार्यालयों को बंद रखने का फैसला लिया गया है।
सरकार ने कहा कि सम्मेलन का स्तर काफी बड़ा है। इसमें भारी संख्या में सुरक्षा और अन्य इंतजाम किए जाने हैं। ऐसे में आम लोगों को होने वाली परेशानी कम करने के लिए दिल्ली और नई दिल्ली में स्थित केंद्रीय सरकारी कार्यालय 11 सितंबर को बंद रखने का फैसला लिया गया है। 12 और 13 सितंबर को शनिवार और रविवार होने के कारण केंद्रीय कार्यालय वैसे भी बंद रहेंगे। इस तरह सम्मेलन के दौरान लगातार तीन दिनों तक इन कार्यालयों में नियमित कामकाज नहीं होगा।
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में करीब 30 ब्रिक्स सदस्य और साझेदार देशों के नेता शामिल होने की उम्मीद है। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुख और ब्रिक्स देशों के कारोबारी प्रतिनिधि भी सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। 18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 12 और 13 सितंबर को भारत मंडपम में होगा। यहां मुख्य कार्यक्रम के साथ कई द्विपक्षीय बैठकें भी प्रस्तावित हैं।
सम्मेलन से पहले दिल्ली में सड़कों और प्रमुख इलाकों को बेहतर बनाने का काम भी शुरू हो गया है। लोक निर्माण विभाग ने भारत मंडपम, हवाई अड्डे, राजघाट और अन्य महत्वपूर्ण जगहों के आसपास सौंदर्यीकरण और सड़क सुधार का काम शुरू किया है। भारत मंडपम के अलावा हैदराबाद हाउस, विज्ञान भवन, अंबेडकर भवन, सुषमा स्वराज भवन, प्रमुख पांच सितारा होटल और राजघाट के आसपास भी सुधार कार्य किए जा रहे हैं। अधिकारियों को पेड़ों की छंटाई, सड़कों की सफाई और जलभराव की समस्या दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।
विदेशी मेहमानों के दिल्ली दौरे को देखते हुए प्रमुख पर्यटन स्थलों तक जाने वाली सड़कों को भी बेहतर किया जा रहा है। इनमें कुतुब मीनार, लाल किला, हुमायूं का मकबरा, कनॉट प्लेस, दिल्ली हाट और महरौली पुरातत्व पार्क जाने वाली सड़कें शामिल हैं।
ब्रिक्स सम्मेलन की सुरक्षा तैयारियों के तहत दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने मोटरकेड रिहर्सल के लिए भी यातायात परामर्श जारी किया था। रिहर्सल के दौरान राजधानी की कई प्रमुख सड़कों पर यातायात को नियंत्रित और डायवर्ट किया गया।
ट्रैफिक पुलिस ने 22 डायवर्जन प्वाइंट और 35 से ज्यादा सड़कों की पहचान की थी। इनमें सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, मथुरा रोड, जनपथ, अशोका रोड, बाराखंभा रोड और प्रेस एन्क्लेव रोड समेत कई प्रमुख सड़कें शामिल थीं। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से यात्रा की योजना पहले से बनाने और जरूरत के अनुसार वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है।