
Fire Incident: दिल्ली के जाफराबाद-मौजपुर स्थित उधम फिश रेस्टोरेंट में मंगलवार रात आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। रेस्टोरेंट की ऊपरी मंजिल पर धुआं भरने के बाद कुछ महिलाओं और पुरुषों ने जान बचाने के लिए खिड़की से नीचे छलांग लगा दी। स्थानीय लोगों ने उनकी मदद की। पुलिस ने बताया कि आग रेस्टोरेंट की रसोई में लगी थी, जिस पर कर्मचारियों ने काबू पा लिया। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना वेलकम थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मौजपुर इलाके की है। 13 अक्टूबर की रात करीब 10:34 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को मुख्य जाफराबाद रोड पर स्थित उधम रेस्टोरेंट (दुकान नंबर 169) में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की एक गाड़ी तुरंत मौके पर रवाना हो गई। जब राहत एवं बचाव दल वहां पहुंचा, तब तक इलाके के लोगों और रेस्टोरेंट में भारी हलचल मच चुकी थी।
रेस्टोरेंट में आग लगने के बाद अंदर जाने की हिम्मत कोई नहीं जुटा पाया। दरअसल, यह रेस्टोरेंट पहली मंजिल पर था और वहां पहुंचने के लिए सीढ़ियों से होकर जाने का एक ही संकरा रास्ता था। ऐसे में अंदर फंसे लोगों के पास बाहर निकलने का कोई आसान रास्ता नहीं था। जान बचाने के लिए कई लोगों ने खिड़की से नीचे छलांग लगा दी। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। फिलहाल पुलिस आग लगने की वजह का पता लगा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि रेस्टोरेंट में सुरक्षा से जुड़े जरूरी नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं।
जांच में सामने आया है कि आग की शुरुआत रेस्टोरेंट की किचन से हुई थी। अचानक आग भड़कने के कारण वहां मौजूद लोगों में डर का माहौल बन गया। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि कुछ लोगों को अपनी जान बचाने के लिए पहली मंजिल की खिड़कियों से नीचे छलांग लगानी पड़ी। हालांकि, राहत की बात यह रही कि रेस्टोरेंट के सतर्क कर्मचारियों और समय पर पहुंचे दमकल कर्मियों की सूझबूझ से आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया। इस भीषण हादसे के बाद सबसे राहत भरी बात यह है कि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार किसी भी व्यक्ति के हताहत या गंभीर रूप से घायल होने की कोई सूचना नहीं मिली है। सभी लोग सुरक्षित हैं।