नई दिल्ली

सिर्फ ‘हर घर’ ही नहीं, ‘स्पेस’ में भी लहराया ‘तिरंगा’, एस्ट्रोनॉट राजा चारी ने अंतरिक्ष स्टेशन पर लहराते झंडे की शेयर की तस्वीर

भारतीय मूल के अमेरिकी एस्ट्रोनॉट राजा चारी हाल ही में अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर छह महीने बिताने के बाद वापस लौटे हैं। अमृत महोत्सव के मौके पर उन्होंने भारत को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी है। उन्होंने अपने पिता के घर हैदराबाद को भी याद किया और अंतरिक्ष से वहां की तस्वीरे खींच कर शेयर की।
2 min read
• •
Updated: 15 Aug 2022, 3:57 PM IST
Indian-American Astronaut Raja Chari Shares Photo Of Indian Flag At Space Station
Indian-American Astronaut Raja Chari Shares Photo Of Indian Flag At Space Station

भारत की आजादी के 75 वें वर्ष पूरे होने पर मनाए जा रहे अमृत महोत्सव की अंतरिक्ष में भी धूम है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देश, विदेश समेत इंटरनेशनल स्पेस सेंटर में भी तिरंगा शान से लहराया गया। आज भारत आजादी का 75 वा स्वतंत्र दिवस मना रहा है। इसका जश्न पूरे देश भर में दिखाई दे रहा है, लेकिन अब अंतरिक्ष में भी भारत के आजादी के 75 वर्ष का जश्न मनाया गया है। इंटरनेशल स्पेस सेंटर में मौजूद भारतीय मूल के राजा चारी ने कुछ तस्वीरें अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर की।

भारतीय-अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री राजा चारी ने विदेशों में रह रहे भारतीयों के लिए संदेश के साथ अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर भारतीय राष्ट्रीय ध्वज की तस्वीर पोस्ट कर देशवासियों का शुभकामनाएं दी। राजा चारी ने स्पेस सेंटर की एक खिड़की पर भारतीय तिरंगे को रखा और तस्वीरें क्लिक कीं। तस्वीर में पीछे बैकग्राउंड में पृथ्वी भी दिख रही है। इस दौरान उन्होंने अंतरिक्ष से ली गई हैदराबाद की भी तस्वीर शेयर की जहां उनके पिता का घर है। साथ ही उन्होंने नासा सहित दुनिया भर में भारतीयों के योगदान का भी जिक्र किया।

बता दें कि राजा चारी नासा (NASA) से संबंध रखते हैं। भारतीय मूल के अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री राजा चारी हाल ही में अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर छह महीने बिताने के बाद वापस लौटे हैं। उन्होंने ट्वीट में लिखा, "भारतीय स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संघ्या पर मुझे भारतीय डायस्पोरा की याद आ रही है, जिसे मैं अंतरिक्ष स्टेशन से देख सकता था। जहां से मेरे अप्रवासी पिता का घर हैदराबाद चमकता है। नासा उन जगह में से एक है, जहां भारतीय अमेरिकी हर दिन बदलाव ला रहे हैं।"

इससे पहले अमेरिका में भारतीय दूतावास ने राजा चारी की एक वीडियो ट्वीट की थी। इस वीडियो में राजा चारी ने कहा, "भारत को आजादी के 75 वर्ष पूरे होने की बधाई। सभी भारतीयों को इस ऐतिहासिक मौके पर गर्व होना चाहिए। NASA और ISRO के बीच सहयोग का एक लंबा इतिहास रहा है। अंतरिक्ष युग के शुरुआती दिनों से नासा इसरो के काम कर रहा है। दोनों के बीच सहयोग आज भी जारी है क्योंकि हम संयुक्त अंतरिक्ष और पृथ्वी विज्ञान मिशन पर काम कर रहे हैं।" इस ट्वीट को राजा चारी ने अपने ट्विटर अकाउंट से री-ट्वीट किया है।

Published on: