नई दिल्ली

दिल्ली अग्निकांड मामले में कार्रवाई तेज, जांच के लिए तीन आरोपियों को पुलिस कस्टडी में भेजा गया

Tughlakabad Extension Fire Tragedy: दिल्ली के तुगलकाबाद एक्सटेंशन अग्निकांड मामले में साकेत कोर्ट ने तीन मुख्य आरोपियों को 2 दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा है। पार्किंग में वाहनों से फैली आग में 3 लोगों की मौत हो गई थी, जिसके बाद एक सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हुआ है।

2 min read
Delhi fire news
ANI PHOTO

Delhi Police Arrest Three Accused: तुगलकाबाद एक्सटेंशन में हुए भीषण अग्निकांड मामले में दिल्ली पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इस हादसे के सिलसिले में गिरफ्तार किए गए तीन मुख्य आरोपियों, निरंजन, राजकुमार और सरिता नाम की एक महिला को रविवार को साकेत कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने मामले की गहन जांच के लिए तीनों आरोपियों को दो दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है।

सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद केस में नया मोड़

गोविंदपुरी पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले तुगलकाबाद एक्सटेंशन की गली नंबर 1 में स्थित एक आवासीय इमारत में शुक्रवार तड़के यह भीषण आग लगी थी। इस मामले की जांच में शनिवार को उस वक्त एक नया मोड़ आया, जब सोशल मीडिया पर एक सीसीटीवी (CCTV) क्लिप वायरल हो गई।

दिल्ली पुलिस ने इस वायरल वीडियो पर तुरंत संज्ञान लिया और इसे अपनी चल रही जांच का हिस्सा बनाया है। अधिकारियों के मुताबिक, इस फुटेज की प्रामाणिकता, समय और आग लगने की घटना से पहले और बाद के घटनाक्रमों के क्रम को स्थापित करने के लिए इसकी गहनता से पुष्टि की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वायरल वीडियो में दिख रही एक अन्य महिला की तलाश और उसे पूछताछ के लिए हिरासत में लेने के प्रयास जारी हैं, ताकि घटना में उसकी भूमिका की जांच की जा सके।

दिल्ली अग्निकांड मामले में कार्रवाई तेज

आपको बता दें कि दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में 11 और 12 जून की दरमियानी रात हुए दर्दनाक अग्निकांड मामले में पुलिस ने जांच तेज करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। यह हादसा रात करीब 2:24 बजे सामने आया, जब गोविंदपुरी थाने को एक पांच मंजिला आवासीय इमारत में आग लगने की पीसीआर कॉल मिली। सहायक मंडल अधिकारी (एडीओ) यशवंत मीणा के अनुसार, आग की शुरुआत ग्राउंड फ्लोर पर बनी पार्किंग में खड़ी तीन स्कूटी, दो मोटरसाइकिल और एक साइकिल से हुई थी, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई और उससे निकला जहरीला धुआं इमारत की सभी पांच मंजिलों तक पहुंच गया। हादसे में ग्राउंड फ्लोर, पहला और दूसरा तल पूरी तरह जलकर खाक हो गए, जबकि ऊपरी मंजिलों को भी काफी नुकसान पहुंचा।

दमकल विभाग और पुलिस द्वारा चलाए गए संयुक्त रेस्क्यू अभियान में धुएं के बीच फंसे आठ लोगों को सुरक्षित निकालकर सफदरजंग अस्पताल और एम्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। हालांकि, इस हादसे में एक 22 वर्षीय युवक समेत दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोगों की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। पुलिस फिलहाल तीनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आग महज एक दुर्घटना थी या इसके पीछे किसी तरह की लापरवाही अथवा साजिश का हाथ था।

Published on:
14 Jun 2026 06:54 pm