समाचार

अहमदाबाद सिविल अस्पताल: दो बच्चों की सांसनली में फंसी खाद्य वस्तुओं को निकाला

Ahmedabad, Civil medicity hospital, 1200 bed hospital, Dr. Rakesh Joshi

2 min read

चिकित्सकों ने परिजनों को दी बच्चों का ध्यान रखने की सलाह

अहमदाबाद. शहर के सिविल अस्पताल में पिछले एक सप्ताह में दो बच्चों की सांस नली में फंसी खाद्य वस्तुओं को सफलता पूर्वक निकाला गया। ऐसे मामलों से बच्चों को बचाने के लिए चिकित्सकों ने अभिभावकों को बच्चों पर ध्यान देने की सलाह दी है। ये ऐसे मामले हैं जिनमें समय रहते उपचार न मिले तो बच्चे की जान जाने का खतरा हो सकता है।महेसाणा निवासी खोडाभाई की तीन वर्ष की पुत्री गत पिछले दिनों खेलते-खेलते सोयाबीन के बीज को निगल गई थी। यह बीज बालिका की सांस नली में फंस गया, जिससे सांस लेने में तकलीफ होने लगी। खोडाभाई की पत्नी मनीषाबेन तत्काल बालिका को महेसाणा सिविल अस्पताल ले गईं। उस दौरान बालिका को सांस लेने में परेशानी होने के कारण उसे ऑक्सीजन पर रखा गया। इसके कुछ दिनों बाद बालिका को एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। उस दौरान बालिका की जांच करने पर सांस नली में फंसी हुई वस्तु दिखाई दी। बालिका को वहां से अहमदाबाद मेडिसिटी के 1200 बेड अस्पताल लाया गया। बाल सर्जरी विभाग की चिकित्सक डॉ.जयश्री रामजी, डॉ. स्मिता और डॉ. निलेश ने बालिका का ऑपरेशन कर सोयाबीन का बीज निकाला।दूसरे मामले में गिरसोमनाथ निवासी शाहिद सुमरा के डेढ़ वर्ष के पुत्र की सांसनली में नारियल का टुकड़ा फंस गया। जिससे उसे सोमनाथ के निजी अस्पताल और उसके बाद अहमदाबाद स्थित 1200 बेड अस्पताल लाया गया। इसका भी बाल सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश जोशी की अगुवाई में ऑपरेशन किया गया। समय रहते उपचार मिलने से इन दोनों बच्चों की जान बच गई। दोनों ही बच्चों की तबीयत अच्छी बताई गई है।

विशेष ध्यान देने की जरूरत

अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश जोशी ने ऐसे मामलों से बचने के लिए छोटे बच्चों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। खास कर तब जब वे खेल रहे हैं और आसपास छोटी वस्तुएं हों। उन्होंने कहा कि इन दोनों ही मामलों में बालिकाओं की मां ने सतर्कता बरती थी।

Published on:
28 Apr 2024 11:18 pm
Also Read
View All

अगली खबर