
कर्नाटक के बेंगलुरु में एक सनसनी खेज मामला सामने आया है। यहां कन्नड़ एक्ट्रेस कृषि थापांडा के अपार्टमेंट में एक कारोबारी की लाश मिलने के बाद हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 33 वर्षीय वैषक के रूप में हुई है, जो पिछले एक सप्ताह से अभिनेत्री के घर पर रह रहा था। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना के समय थापांडा अपने घर पर नहीं थी बल्कि येलहंका गई हुई थी। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का माना जा रहा है। हालांकि पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह घटना मंगलवार रात करीब 8:30 बजे आरआर नगर स्थित एलिगेंट्स अपार्टमेंट में हुई है। सूचना मिलने के बाद आरआर नगर पुलिस मौके पर पहुंची और फ्लैट का निरीक्षण कर फोरेंसिक सबूत जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के मुताबिक उस समय थापांडा घर पर मौजूद नहीं थी और वैषाक उनके अपार्टमेंट में अकेला था। अधिकारियों ने बताया कि मौके से कोई संदिग्ध वस्तु या सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। पुलिस अब मोबाइल फोन, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल सबूतों की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि मौत से पहले वैषाक किन परिस्थितियों से गुजर रहा था। घटना के बाद इलाके में काफी चर्चा का माहौल बना हुआ है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार वैषक का लंबे समय से डिप्रेशन का ईलाज चल रहा था और वह निजी और पारिवारिक परेशानियों से जूझ रहा था। जांच में यह भी सामने आया है कि पत्नी के साथ लगातार विवाद के कारण वह करीब एक महीने से अलग रह रहा था और अक्सर अभिनेत्री कृषी थापंडा के अपार्टमेंट में आता-जाता था। पुलिस फिलहाल वैषक और अभिनेत्री के बीच संबंधों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस का मानना है कि मानसिक तनाव और पारिवारिक विवादों के बीच वैषक ने यह कदम उठाया हो सकता है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। जांच एजेंसियां वैषक के पुराने रिकॉर्ड भी खंगाल रही हैं। पोर्ट्स के अनुसार वह पहले भी एक विवादित मामले में गिरफ्तार हो चुका था। उस पर कारोबारी अरविंद रेड्डी को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा था। यह मामला बेंगलुरु के एचएएल पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया था। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या पुराने विवादों या निजी तनाव का इस मौत से कोई संबंध है। फिलहाल पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने की अपील की है और कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की पूरी सच्चाई सामने आ पाएगी।