शहर के प्रधानमंत्री एक्सीलेंस कॉलेज स्वामी विवेकानंद कॉलेज में उच्च शिक्षा विभाग की ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया के प्रथम चरण में सीट आवंटन के बाद भी विद्यार्थियों की ओर से प्रवेश लेने में अपेक्षित उत्साह दिखाई नहीं दे रहा है।
Higher Education Department's नरसिंहपुर. शहर के प्रधानमंत्री एक्सीलेंस कॉलेज स्वामी विवेकानंद कॉलेज में उच्च शिक्षा विभाग की ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया के प्रथम चरण में सीट आवंटन के बाद भी विद्यार्थियों की ओर से प्रवेश लेने में अपेक्षित उत्साह दिखाई नहीं दे रहा है। जिले के कॉलेज में स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर की कुल 3,827 सीटों के विरुद्ध 1,150 विद्यार्थियों को सीटें आवंटित की जा चुकी हैं। लेकिन शुक्रवार की दोपहर तक केवल 188 विद्यार्थियों ने ही प्रवेश प्रक्रिया पूरी की है। यानी आवंटित सीट पाने वाले अधिकांश विद्यार्थी अभी तक प्रवेश शुल्क जमा कर कॉलेज से नहीं जुड़े हैं।
कॉलेज में छात्र-छात्राओं की भीड़ तो हर दिन हो रही है लेकिन प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं की संख्या में आशातीत वृद्धि नहीं दिख रही है। बताया जाता है कि स्नातक कक्षाओं में सबसे अधिक सीटें बीए प्रथम वर्ष में हैं। यहां 1,517 सीटों के मुकाबले 702 विद्यार्थियों को सीट आवंटित हुई, लेकिन अब तक प्रवेश सिर्फ 94 ने लिया। बीकॉम प्रथम वर्ष में 560 सीटों पर 186 विद्यार्थियों को आवंटन मिला, जबकि दाखिला केवल 23 विद्यार्थियों ने कराया। बीएससी प्रथम वर्ष में 760 सीटों के विरुद्ध 137 विद्यार्थियों को सीट मिली और 49 विद्यार्थियों ने प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण की है।
स्नातकोत्तर कक्षाओं की स्थिति भी कुछ अलग नहीं है। एमए प्रथम वर्ष में 600 सीटों पर 52 आवंटन हुए, लेकिन प्रवेश मात्र 8 विद्यार्थियों ने लिया। वाणिज्य स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष में 150 सीटों के मुकाबले 12 विद्यार्थियों को सीट आवंटित हुई और केवल एक विद्यार्थी ने दाखिला कराया। विधि स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष में 60 सीटों पर 41 आवंटन हुए, जिनमें से 11 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया। वहीं एमएससी प्रथम वर्ष में 180 सीटों के विरुद्ध 20 विद्यार्थियों को सीट मिली और सिर्फ 2 विद्यार्थियों ने प्रवेश प्रक्रिया पूरी की है।
आगामी दिनों में प्रवेश संख्या बढऩे की उम्मीद
उच्च शिक्षा विभाग की निर्धारित समय-सारणी के अनुसार प्रथम चरण में आवंटित विद्यार्थियों को 26 मई तक प्रवेश शुल्क जमा करना है। ऐसे में आगामी दिनों में प्रवेश संख्या बढऩे की संभावना है, लेकिन वर्तमान आंकड़े बताते हैं कि सीट आवंटन के बाद भी बड़ी संख्या में विद्यार्थी अंतिम निर्णय लेने की स्थिति में हैं।
सबसे अधिक आवंटन बीए में, प्रवेश भी वहीं सर्वाधिक
बीए प्रथम वर्ष में न केवल सबसे अधिक 702 विद्यार्थियों को सीट आवंटित हुई, बल्कि प्रवेश लेने वालों की संख्या भी 94 के साथ सबसे अधिक रही। इसके विपरीत वाणिज्य स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष में 12 सीट आवंटन के बावजूद केवल एक विद्यार्थी ने प्रवेश लिया, जबकि एमएससी प्रथम वर्ष में 20 आवंटन के मुकाबले 2 विद्यार्थियों ने ही दाखिला कराया है।
फैक्ट फाइल
कुल उपलब्ध सीट-3,827
सीट आवंटन -1,150
अब तक प्रवेश-188
प्रवेश शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि -26 मई
खास-खास
आवंटन हुआ, लेकिन प्रवेश नहीं
1,150 विद्यार्थियों को सीटें आवंटित
केवल 188 ने प्रवेश लिया
962 आवंटित विद्यार्थी अभी प्रवेश प्रक्रिया से बाहर
26 मई तक शुल्क जमा करने का मौका
अंतिम दिनों में बढ़ सकती है प्रवेश संख्या