आत्महत्या का रंग देने के लिए शव हिरण नदी में फेंक दिया। इसमें आरोपी की मदद उसके पिता ने भी की थी। बेलखेड़ा पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।
Wife Murder : संतान नहीं होने की कीमत एक महिला को जान देकर चुकानी पड़ी। उसके पति ने ही सोते समय गला घोंटकर हत्या कर दी। दरअसल, पति दूसरी शादी करने की तैयारी कर रहा था। इसमें पत्नी बाधा बन रही थी। बाद में आत्महत्या का रंग देने के लिए शव हिरण नदी में फेंक दिया। इसमें आरोपी की मदद उसके पिता ने भी की थी। बेलखेड़ा पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।
बेलखेड़ा थाना प्रभारी सरोजनी टोप्पो के अनुसार रजनी लोधी (30) का शव 27 अक्टूबर को हिरण नदी से बरामद किया गया था। जांच में पता चला कि उसका दस साल पहले विवाह पथरिया निवासी चैन सिंह लोधी से हुआ था। दोनों को कोई संतान नहीं हुई, तो रिश्ते में तनाव आ गया। चैन सिंह बच्चे नहीं होने के लिए रजनी को दोष देता रहता था। इसी बीच परिवार से राय कर उसने दूसरे विवाह की तैयारी शुरू कर दी। इसी महीने ग्यारस पर शादी होने वाली थी। इसकी जानकारी रजनी को लगी, तो वह विरोध पर उतर आई। चैन सिंह ने उसे रास्ते से हटाने के लिए 26 अक्टूबर को सोते समय गला घोंटकर मार डाला।
वारदात के अगले दिन 27 अक्टूबर को चैन सिंह ने पत्नी रजनी के लापता होने की बेलखेड़ा थाना में सूचना दी। उसने बताया कि वह रात में अचानक गायब हो गई। पुलिस ने गुम इंसान कायम कर पड़ताल शुरू की, तो जहां से शव फेंका था, उससे 3 किमी दूर मोहराघाट में रजनी का शव मिला। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया, तो गला दबाने से मौत की जानकारी सामने आई। पुलिस ने चैन सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने हत्या करना कबूल लिया। साक्ष्य मिटाने में पिता की भी भूमिका सामने आने पर उसे भी नामजद कर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। वहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
रजनी की हत्या करने के बाद चैन सिंह ने रात में ही पिता मुन्ना लोधी को घटना के बारे में बताया। रात में ही चैन सिंह ने रजनी को जींस और शर्ट पहनाया और पिता के साथ बाइक पर शव लादकर घर से एक किमी दूर हिरण नदी ले गया। फिर उसके कपड़े बदले और शव नदी में फेंक दिया। मामला आत्महत्या या हादसा का लगे, इसलिए घाट के किनारे लोटा और रजनी के कपड़े, चप्पल रखकर दोनों घर लौट आए।