Pali Road Accident: फालना थाना क्षेत्र के रानी-खिमेल सड़क मार्ग पर शुक्रवार रात दो बाइक की टक्कर के कारण तीन जनों की मौत हो गई एवं दो घायल हो गए।
पाली। फालना थाना क्षेत्र के रानी-खिमेल सड़क मार्ग पर शुक्रवार रात दो बाइक की टक्कर के कारण तीन जनों की मौत हो गई एवं दो घायल हो गए। पुलिस के अनुसार रात्रि करीब आठ बजे फालना सरहद पर रानी-खिमेल मार्ग पर दो बाइक की जबरदस्त भिड़ंत होने से उस पर तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद सड़क खून से लाल हो गई।
जानकारी के अनुसार होली चौक रानी निवासी अजय (21) पुत्र मदन लाल माली, रानी गांव निवासी अजय (21) मोडाराम मेघवाल रोहित पुत्र मुकेश कुमार एक बाइक से खिमेल से रानी की ओर आ रहे थे। इसी दौरान खिमेल निवासी प्रेम (25) पुत्र गणेश राम बावरी एवं श्रवण पुत्र हजारीमल बाबरी एक बाइक पर सवार होकर रानी से खिमेल की ओर जा रहे थे।
रात्रि करीब आठ बजे रानी-खिमेल मार्ग पर पवन वाटिका के पास दोनों बाइक की टक्कर हो गई, जिससे प्रेम बावरी खिमेल, श्रवण हजारी मल एवं अजय माली रानी की मौके पर मौत हो गई।
घायलों व मृतकों को निजी वाहनों से रानी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। इनमें फ्रैक्चर होने से अजय मेघवाल को पाली रैफर किया गया जबकि एक अन्य घायल रोहित का रानी के निजी चिकित्सालय में इलाज जारी है। हादसे के बाद तीनों शवों को मोर्चरी में रखवाया गया।
घटना के बाद रानी के चिकित्सालय में परिजनों की चीख-पुकार मच गई। परिजनों के अनुसार कक्षा 12वीं का छात्र अजय माली इंग्लिश का एक्जाम देकर आया था। समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में मामला दर्ज नहीं हुआ था।