
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहन। फोटो: पत्रिका
Pali News: पाली शहर के ट्रांसपोर्ट नगर थाना क्षेत्र के खैरवा रोड स्थित एक ढाबे के सामने रुकी एफएसएल गाड़ी को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में पुलिस लाइन के कांस्टेबल चालक की मौत हो गई। सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक आदर्श सिद्धू पाली के बांगड़ अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी जुटाई। इसके बाद पुलिस ने मृतक के शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयपाल सिंह तंवर ने बताया कि बालोतरा जिले के सरवड़ी गांव निवासी दुर्गादान (45) पुत्र जेठूदान चारण शुक्रवार को खिंवाड़ा क्षेत्र में पुलिस और तस्करों के बीच फायरिंग की घटना को लेकर पाली पुलिस लाइन एफएसएल टीम के साथ खिंवाड़ा थाना क्षेत्र में गए थे।
रात को लौटने के दौरान ट्रांसपोर्ट नगर थाना क्षेत्र के खैरवा रोड स्थित हनुमान ढाबे के सामने रात करीब 10.30 बजे कुछ देर के लिए रुके थे। इस दौरान पीछे से गुजरात पासिंग ट्रक ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि एफएसएल गाड़ी के चालक गंभीर घायल हो गया। उसे पाली के बांगड़ अस्पताल के ट्रोमा सेंटर लाया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पाली पुलिस अधीक्षक आदर्श सिद्धू. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयसिंह तंवर, सीओ सिटी मदनसिंह चौहान, कोतवाली थाना प्रभारी रविंद्रसिंह खींची अस्पताल पहुंचे और शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। हादसे को लेकर पुलिस जांच में जुटी है।
दरअसल, दिवेर नाल में गुरुवार रात एंटी-नारकोटिक टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और तस्करों के बीच मुठभेड़ हुई थी। फायरिंग में एक तस्कर भूटाराम विश्नोई (36) एनकाउंटर में मारा गया था। पाली पुलिस और एफएसएल की टीम शुक्रवार शाम को उसी जगह सैंपल लेने गई थी। पाली वापस लौटने के दौरान वैन का एक्सीडेंट हो गया।
Updated on:
14 Feb 2026 11:28 am
Published on:
14 Feb 2026 11:28 am
