बिहार: भागलपुर के सुल्तानगंज में कुख्यात बदमाश कैलाश मंडल ने बिहार पुलिस की सख्ती से डरकर अपराध छोड़ने का ऐलान कर दिया। हत्या, लूट और रंगदारी के कई मामलों में आरोपी कैलाश ने गंगा घाट पर अपने हथियार बहाकर दोबारा अपराध नहीं करने की कसम खाई।
बिहार पुलिस के ‘गोली चलाओगे तो गोली खाओगे’ वाले कड़े संदेश का असर अब अपराधियों में भी दिखने लगा है। इसका अनोखा उदाहरण भागलपुर जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में देखने को मिला, जहां एक कुख्यात अपराधी ने पुलिस के डर से अपराध की दुनिया छोड़ने का ऐलान करते हुए अपने हथियार गंगा नदी में बहा दिए।
सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के गनगनिया इलाके का रहने वाला कुख्यात बदमाश कैलाश मंडल कुछ दिन पहले ही जेल से रिहा हुआ था। उस पर हत्या, लूट और रंगदारी जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। जेल से बाहर आने के बाद जब उसे यह एहसास हुआ कि बिहार में अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान चल रहा है और पुलिस बदमाशों को उनकी ही भाषा में जवाब दे रही है, तो उसने अपना रास्ता बदलने का फैसला कर लिया।