पटना

Bankipur By-election: नितिन नवीन के गढ़ में PK की एंट्री से BJP ने बदला प्लान, टिकट के लिए भाजपा में मची होड़

Bankipur By-election बांकीपुर उपचुनाव को लेकर भाजपा और प्रशांत किशोर की टीम पूरी तरह एक्टिव हो गई है। भाजपा कायस्थ बहुल इस सीट पर संभावित उम्मीदवार को लेकर मंथन कर रही है, कई संभावित दावेदार दिल्ली में सक्रिय लॉबिंग कर रहे हैं। वहीं, भाजपा के भीतर गैर-कायस्थ उम्मीदवार पर दांव लगाने की संभावना को लेकर भी चर्चा है।

2 min read
May 21, 2026
बीजेपी। पत्रिका फाइल फोटो

Bankipur By-election: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। प्रशांत किशोर की टीम के मैदान में उतरने के बाद भाजपा अपनी पारंपरिक सीट पर पकड़ बनाए रखने के लिए बिहार भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की एक टीम बनाई है। यह टीम हाई-प्रोफाइल मानी जा रही इस सीट के संभावित उम्मीदवारों की सूची पांच दिनों के भीतर पार्टी आलाकमान को सौंपेगी।

वहीं, प्रशांत किशोर की टीम भी पूरी ताकत के साथ चुनावी तैयारी में जुट गई है और कई पदों के लिए वैकेंसी निकाली गई है। सूत्रों के अनुसार, प्रशांत किशोर इस सीट पर महागठबंधन के संभावित समर्थन के सहारे भाजपा को सीधी टक्कर देने की रणनीति बना रहे हैं। इसे देखते हुए भाजपा ने भी अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ा दी है।

ये भी पढ़ें

बांकीपुर में सियासी संग्राम: नितिन नवीन के गढ़ में प्रशांत किशोर की एंट्री, बीजेपी में भी दावेदारों की भीड़

कायस्थ बहुल सीट पर BJP प्रत्याशी को लेकर मंथन

प्रशांत किशोर के चुनावी मैदान में उतरने के बाद कायस्थ बहुल बांकीपुर विधानसभा सीट पर भाजपा किसे उम्मीदवार बनाएगी, इसे लेकर सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं। भाजपा के संभावित कायस्थ दावेदारों ने भी अपने-अपने स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है। इनमें एक मौजूदा विधान पार्षद भी शामिल हैं, जो इस प्रतिष्ठित सीट के लिए दिल्ली में सक्रिय लॉबिंग कर रहे हैं। वहीं, एक सांसद भी अपने बेटे के लिए टिकट की दावेदारी को लेकर दिल्ली में कैंप किए हुए हैं।

सूत्रों के अनुसार, भाजपा बांकीपुर सीट पर कुम्हरार विधानसभा वाला प्रयोग दोहराने पर विचार कर सकती है। कुम्हरार जैसी कायस्थ बहुल सीट पर भाजपा ने पिछली बार दूसरे जाति के उम्मीदवार को टिकट दिया था, जिससे कायस्थ समाज में नाराजगी देखने को मिली थी। हालांकि भाजपा चुनाव जीतने में सफल रही, लेकिन पार्टी को काफी विरोध का सामना करना पड़ा था।

क्या BJP खेलेगी गैर-कायस्थ कार्ड?

प्रशांत किशोर के चुनावी मैदान में उतरने के बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या भाजपा इस हाई-प्रोफाइल सीट पर गैर-कायस्थ उम्मीदवार पर दांव लगाएगी। इस सवाल पर वरिष्ठ पत्रकार लव कुमार का कहना है कि भाजपा कोई भी राजनीतिक प्रयोग कर सकती है, लेकिन यह पार्टी के लिए जोखिम भरा कदम साबित हो सकता है।

वहीं, भाजपा के एक वरिष्ठ नेता का कहना है कि पार्टी नितिन नवीन के परिवार से ही किसी सदस्य को उम्मीदवार बना सकती है। हालांकि, भाजपा के कई नेता इस संभावना से इनकार करते हैं। उनका कहना है कि खुद नितिन नवीन नहीं चाहते कि उनके परिवार का कोई सदस्य इस सीट से चुनाव लड़े।

बांकीपुर उपचुनाव को लेकर BJP एक्टिव

भाजपा ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर अपनी सोशल मीडिया टीम को सक्रिय कर दिया है। टीम से ग्राउंड जीरो की लगातार अपडेट रिपोर्ट भी मांगी गई है।

ये भी पढ़ें

हाईप्रोफाइल चुनावी जंग! बीजेपी के गढ़ में प्रशांत किशोर ने उतारी टीम, क्या PK बांकीपुर में कर पाएंगे सियासी चमत्कार?
Updated on:
21 May 2026 11:12 am
Published on:
21 May 2026 11:01 am
Also Read
View All