
BSEB 12th Result 2026: बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड (BSEB) ने आज, 23 मार्च 2026 को कक्षा 12वीं इंटरमीडिएट परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिए हैं। इस वर्ष कुल 85.19 प्रतिशत छात्र सफल हुए हैं। कॉमर्स स्ट्रीम की स्टेट टॉपर अदिति कुमारी ने अपनी सफलता का श्रेय लगातार मेहनत और कॉन्सेप्ट की स्पष्ट समझ को दिया। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य आगे चलकर चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) बनना है। अदिति कुमारी ने कॉमर्स स्ट्रीम में पूरे राज्य में 480 अंक (96 प्रतिशत) हासिल कर शानदार प्रदर्शन किया है।
अदिति कुमारी ने अपनी सफलता का श्रेय लगातार तैयारी और कॉन्सेप्ट की स्पष्ट समझ को दिया। उन्होंने बताया कि पढ़ाई के दौरान उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल्स पर ज्यादा निर्भरता नहीं रखी, बल्कि अपनी बुनियादी तैयारी और नियमित रिवीजन पर ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने कहा कि यही उनकी सफलता का सबसे बड़ा राज है। अदिति ने आगे कहा, “सरल और एकाग्र होकर पढ़ाई करने की वजह से ही मैं परीक्षा में टॉप कर पाई।”
अदिति कुमारी पटना के गांधी मैदान स्थित सेंट जेवियर स्कूल की छात्रा हैं। उन्होंने इंटरमीडिएट की वाणिज्य संकाय में 480 अंक (96 प्रतिशत) हासिल कर पूरे राज्य में पहला स्थान प्राप्त किया है। वह अपने पिता के साथ बाकरगंज इलाके के श्याम बहादुर लेन, इलेक्ट्रॉनिक मार्केट में रहती हैं। अदिति ने बताया कि टॉपर्स वेरिफिकेशन के लिए उन्हें कॉल आया था, जिसके बाद उन्हें अच्छे अंक आने का अंदाजा हो गया था, लेकिन स्टेट टॉपर बनने की उम्मीद नहीं थी।
अदिति ने बताया कि रिजल्ट को लेकर सुबह से ही उनके पास फोन कॉल्स आ रहे थे और लोग परिणाम के बारे में पूछ रहे थे, जिससे उनकी बेचैनी भी बढ़ रही थी। दोपहर करीब 1:40 बजे जब उन्होंने वेबसाइट खोली और सभी विषयों में अच्छे अंक देखे, तो वे काफी खुश हो गईं।
इसके बाद जब बोर्ड की ओर से उनका नाम स्टेट टॉपर के रूप में घोषित किया गया, तो खुशी के मारे वे अपनी मां से लिपट गईं। अदिति ने कहा कि उस पल की खुशी को शब्दों में बयां करना मुश्किल है। उन्होंने बताया कि अपनी इस सफलता की खबर सबसे पहले उन्होंने अपने पिता को फोन कर दी।
अदिति ने अपने भविष्य की योजना साझा करते हुए कहा कि वह आगे चलकर चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) बनना चाहती हैं और इसके लिए उन्होंने तैयारी भी शुरू कर दी है।
उन्होंने बताया कि इंटरमीडिएट परीक्षा से करीब एक महीने पहले ही उन्होंने बोर्ड परीक्षा की पूरी तैयारी कर ली थी। अदिति ने यह भी कहा कि मई 2025 से ही उन्होंने इंटर की पढ़ाई के साथ-साथ CA की तैयारी शुरू कर दी थी। इसके लिए उन्होंने CA कोर्स में रजिस्ट्रेशन कराया और दिसंबर तक जरूरी किताबें भी मंगा ली थीं।