Bihar News: नौकरी की तलाश में आई एक मां का नाबालिग बेटा पटना जंक्शन रेलवे स्टेशन के करबिगहिया साइड से संदिग्ध हालात में गायब हो गया। इसका CCTV फूटेज भी सामने आया है।
Bihar News: पटना जंक्शन के करबिगहिया छोर पर एक 10 साल के लड़के को किडनैप कर लिया गया। लखीसराय के जगदीशपुर की रहने वाली साबो देवी अपने दो बच्चों के साथ काम की तलाश में पटना आई थी। लेकिन, अपराधियों ने जंक्शन पर ही उसके बड़े बेटे प्रदीप को किडनैप कर लिया। जब मां ने पुलिस स्टेशन में शिकायत करने की कोशिश की, तो थानों के बीच अधिकार क्षेत्र के झगड़े की वजह से उसे इधर से उधर भागना पड़ा।
साबो देवी मंगलवार को ट्रेन से उतरकर करबिगहिया की ओर आई थीं। वहां वह मजदूरी के लिए लोगों से पूछताछ कर रही थीं। इसी दौरान एक महिला और एक युवक उनके पास पहुंचे। उन्होंने साबो देवी के दोनों बच्चों को बिस्किट और फिर खाना खिलाने का लालच दिया।
सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि लाल साड़ी पहनी एक महिला पहले सफेद शर्ट वाले युवक से बात करती है और फिर हाथ के इशारे से बच्चों को बुलाती है। झांसे में आकर 10 साल का प्रदीप और उसका 4 साल का छोटा भाई उन दोनों के पीछे चल दिए। छोटा बच्चा तो कुछ दूर जाने के बाद अपनी मां के पास लौट आया, लेकिन प्रदीप उन संदिग्धों के साथ ओझल हो गया।
घटना के बाद, पीड़िता साबो देवी अपने बेटे की तलाश में GRP (पटना जंक्शन) और जक्कनपुर थाने के बीच चक्कर लगाती रही। लेकिन हर जगह क्षेत्राधिकार की बात कहकर उन्हें इधर-उधर भेजा गया। हैरानी की बात यह है कि किसी ने भी जीरो FIR तक दर्ज करने की जहमत नहीं उठाई। जब सिटी SP (ईस्ट) परिचय कुमार को इसकी जानकारी हुई, तो उन्होंने तुरंत संज्ञान लिया। उनके सख्त आदेश के बाद जक्कनपुर थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जक्कनपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि साबो देवी थाने में नहीं आई थी, आने पर केस दर्ज किया जाता। पुलिस अब CCTV फुटेज की बारीकी से जांच कर रही है। लाल साड़ी वाली महिला और उसके साथ आए युवक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। आसपास के इलाकों में भी सूचना भेज दी गई है। दावा है कि बच्चे को जल्द ही बरामद कर लिया जाएगा। साबो देवी अभी भी अपने बेटे की वापसी की उम्मीद में करबिगहिया स्टेशन के पास बैठी हैं।