
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के करीबी दानिश रिजवान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दानिश रिजवान एक पुलिसकर्मी का पिस्टल लेकर फायरिंग करते नजर आ रहे हैं।
आरजेडी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर यह वीडियो साझा करते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा। पार्टी ने सवाल उठाया कि बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति क्या है और आरोप लगाया कि एनडीए शासन में ऐसी घटनाएं हो रही हैं।
वीडियो सामने आने के बाद यह तेजी से वायरल हो गया है और सोशल मीडिया पर यूजर्स भी इसे लेकर सवाल उठा रहे हैं। इस घटना ने एक बार फिर बिहार की कानून-व्यवस्था पर बहस छेड़ दी है।
इधर, दानिश रिजवान ने कहा कि फर्जी वीडियो वायरल करने के मामले में वह आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि इस वीडियो के जरिए उनकी छवि को धूमिल किया गया है। उन्होंने आगे कहा कि किसी को भी एआई के जरिए किसी की तस्वीर बनाकर उसकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का अधिकार नहीं है। दानिश ने दावा करते हुए कहा कि हम पार्टी से मेरा कोई लेना देना नहीं है। मैंने 2022 में ही पार्टी को अलविदा कह दिया था।
दरअसल, दानिश रिजवान का एक वीडियो पहले राष्ट्रीय जनता दल के सोशल मीडिया अकाउंट से साझा किया गया, जिसके बाद इसे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के अकाउंट से भी पोस्ट किया गया। वीडियो में दानिश रिजवान एक वर्दीधारी व्यक्ति से पिस्टल लेकर हवाई फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो किसी शादी समारोह का प्रतीत होता है।
तेजस्वी यादव के अकाउंट से वीडियो साझा करते हुए लिखा गया कि, “पुलिस की पिस्तौल छीनकर खुलेआम फायरिंग करता यह शख्स केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी का राजनीतिक सलाहकार है। इतना ही नहीं, यह व्यक्ति सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार का भी सलाहकार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस गुंडागर्दी पर क्या कहेंगे? ये छह गोलियां किसकी छाती पर चल रही हैं, मोदी जी? यह सरासर मोदी प्रदत्त गुंडागर्दी है। सम्राट चौधरी और नीतीश कुमार मुँह में दही जमाकर हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं।”