पटना

झारखंड राज्य सभा चुनाव के लिए वोटिंग शुरू: NDA–INDIA की सियासी कसौटी पर दूसरी सीट, क्रॉस वोटिंग पर सबकी नजर

झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए मतदान शुरू हो गया है। JMM से बैद्यनाथ राम, कांग्रेस से प्रणव झा और NDA समर्थित परिमल नथवानी मैदान में हैं। दूसरी सीट पर कड़ा मुकाबला है, जिसे देखते हुए दोनों गठबंधन क्रॉस वोटिंग रोकने के लिए अपने विधायकों को एकजुट रखने में जुटे हैं।

2 min read
Jun 18, 2026
झारखंड राज्य सभा चुनाव
झारखंड राज्य सभा चुनाव में वोटिंग के लिए जाती कांग्रेस विधायक

झारखंड में राज्य सभा की दो सीटों के लिए मतदान शुरू हो गया है। तीन उम्मीदवारों के मैदान में होने के कारण यह चुनाव काफी रोचक बन गया है। सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) से बैद्यनाथ राम, कांग्रेस से प्रणव झा, जबकि एनडीए समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में परिमल नथवानी चुनावी मैदान में हैं।

होटल में ठहरे दोनों गठबंधन के विधायक बसों से सीधे विधानसभा पहुंचे। दरअसल, दूसरी सीट पर कड़ा मुकाबला माना जा रहा है, जिसे लेकर एनडीए और इंडिया ब्लॉक दोनों में क्रॉस वोटिंग की आशंका बनी हुई है। इसी कारण दोनों गुटों ने अपने-अपने विधायकों को एकजुट रखने के लिए हर संभव प्रयास किए हैं। सुबह मतदान के लिए एनडीए के सभी विधायक और कांग्रेस के सभी 16 विधायक अपने-अपने समूह के साथ होटल से निकलकर विधानसभा पहुंचे। कांग्रेस विधायक बीएनआर होटल से एकजुट होकर मतदान के लिए विधानसभा पहुंचे।

झारखंड सरकार की मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा, "हम पूरी एकजुटता के साथ विधानसभा पहुंचे हैं। मुझे उम्मीद है कि जिस समय देश के कई हिस्सों में विधायकों की खरीद-फरोख्त की चर्चा हो रही है, उस दौर में झारखंड अपने आत्मसम्मान और गरिमा की रक्षा के लिए मजबूती से अडिग रहेगा।"

परिमल नथवानी का दावा महागठबंधन का भी समर्थन

NDA समर्थित राज्यसभा उम्मीदवार परिमल नथवानी ने मतदान के बीच अपनी जीत का भरोसा जताते हुए कहा, "मुझे पूरा विश्वास है कि मुझे मौका मिलेगा। यदि अवसर मिला तो मैं निश्चित रूप से झारखंड की सेवा करूंगा।" उन्होंने आगे दावा किया कि महागठबंधन में शामिल कांग्रेस समेत कई दलों के विधायकों का भी उन्हें समर्थन प्राप्त है। नथवानी ने कहा, "मुझे विभिन्न दलों के विधायकों का समर्थन मिल रहा है, इसलिए मुझे अपनी जीत का पूरा भरोसा है।"

वोटिंग शुरू, सीएम ने पत्नी के साथ किया मतदान

राज्य सभा की दो सीटों के लिए झारखंड विधानसभा के कक्ष संख्या 42 में मतदान जारी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपनी पत्नी के साथ मतदान किया। वहीं भाजपा विधायक प्रदीप प्रसाद, सीपी सिंह और शशिभूषण मेहता ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसके अलावा जदयू विधायक सरयू राय और भाजपा विधायक राज सिन्हा ने भी मतदान कर अपना वोट डाला।

Updated on:
18 Jun 2026 01:04 pm
Published on:
18 Jun 2026 11:32 am